डूंगला: महावीर इंटरनेशनल ने पशु-पक्षियों के लिए लगाए परिंडे और खिलाया हरा चारा
चित्तौड़गढ़ के डूंगला में भीषण गर्मी के बीच जैन दिवाकर तपोवन परिसर में पक्षियों के लिए परिंडे बांधे गए और गौशाला में चारे की व्यवस्था की गई।

डूंगला। निकटवर्ती सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल एल्वा माता शक्तिपीठ के समीप स्थित जैन दिवाकर तपोवन कमल तीर्थ परिसर में सेवा और अध्यात्म का अनूठा संगम देखने को मिला। महावीर इंटरनेशनल के पदाधिकारियों के तत्वावधान में भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए मूक पक्षियों की प्यास बुझाने हेतु परिंडे बांधने का पुनीत कार्य किया गया। इसी सेवा प्रकल्प के अंतर्गत एलवा मां गौशाला में पशुओं के लिए एक ट्राली हरा चारा खिलाकर जीव दया का संकल्प दोहराया गया।
परिसर में विराजित महासती शांता कुमार जी महाराज साहब के पावन सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। इस अवसर पर महिला मंडल की सदस्यों द्वारा एक घंटे तक सामूहिक नवकार मंत्र का जाप किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया। महासती जी ने उपस्थित श्रावकों को मंगल पाठ का वाचन सुनाया और अपने उद्बोधन में परोपकार की महत्ता पर प्रकाश डाला।
महासती जी ने महावीर इंटरनेशनल के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मानव सेवा के साथ-साथ पशु-पक्षियों की सेवा सर्वोपरि धर्म है। उन्होंने आह्वान किया कि प्राणियों की सेवा करने से ही मन की शुद्धि होती है, अतः परोपकार के ऐसे कार्य निरंतर चलते रहने चाहिए। इस सेवा कार्य के दौरान महावीर इंटरनेशनल के उत्सव कुमार भणावत, नरेंद्र कुमार मेहता, सिद्धार्थ तातेड, अशोक गौड़, वीरेंद्र मेहता, दुर्गा शंकर शर्मा, पूनम चंद मेहता एवं शौकीन कुमार भणावत सहित महिला मंडल की अनेक सदस्य व पदाधिकारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। सेवा और भक्ति के इस संयुक्त आयोजन ने क्षेत्र में जीव दया के प्रति एक सकारात्मक चेतना जागृत की है।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
