डूंगला: सीता माता अभ्यारण्य में अवैध शराब की 6 भट्टियां और महुआ वॉश नष्ट
आबकारी और वन विभाग की संयुक्त टीम ने 20 किमी पैदल गश्त कर अवैध शराब निर्माण ठिकानों को ध्वस्त किया; आरोपी फरार।

सीता माता वन्य जीव अभ्यारण्य के दुर्गम क्षेत्र में अवैध शराब की भट्टियों को नष्ट करने के बाद निरीक्षण करते आबकारी थाना डूंगला के प्रहराधिकारी बाघ सिंह भायल और वन विभाग की टीम।
डूंगला। आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे निरोधात्मक अभियान के अंतर्गत आबकारी एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने सीता माता वन्य जीव अभ्यारण्य के दुर्गम क्षेत्रों में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस संयुक्त दविश के दौरान टीम ने अभ्यारण्य के भीतर करीब 20 किलोमीटर का कठिन रास्ता पैदल तय कर अवैध शराब निर्माण के ठिकानों पर प्रहार किया। कार्रवाई में अवैध शराब बनाने की 6 भट्टियों सहित भारी मात्रा में महुड़ा निर्मित वॉश को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
यह पूरी कार्रवाई उपवन संरक्षक मृदुला सिंह, जिला आबकारी अधिकारी गजेंद्र सिंह राजपुरोहित, सहायक वन संरक्षक यशवंत कंवर चांपावत और सहायक आबकारी अधिकारी जगदीश विश्नोई के कुशल निर्देशन में संपन्न हुई। आबकारी निरोधक दल एवं वन विभाग को प्राप्त गुप्त सूचनाओं के आधार पर आबकारी थाना डूंगला के प्रहराधिकारी बाघ सिंह भायल तथा वन विभाग के रेंजर अर्जुन कुमार के नेतृत्व में एक संयुक्त दल का गठन किया गया था। इस दल ने सीता माता वन्य जीव अभ्यारण्य क्षेत्र में चिन्हित 6 विभिन्न स्थानों पर अचानक दबिश दी।
अभियान के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर घने जंगलों के बीच करीब 20 किलोमीटर की पैदल गश्त की। हालांकि, जंगल की सघनता का लाभ उठाकर आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे और किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी, किंतु विभाग ने शराब निर्माण के बुनियादी ढांचे को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में वनपाल खेमराज पटेल, वन विभाग के गार्ड श्रवण राय, सिपाही जोगेंद्र सिंह शेखावत, गोपाल कृष्ण एवं भुवनेश कुमार ने सराहनीय योगदान दिया। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है और वन्य जीव क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने का कड़ा संदेश गया है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
