डूंगला-बड़ी सादड़ी में 93 मेधावी छात्रों का भव्य सम्मान, शिक्षा को बताया समाज की असली ताकत
डूंगला-बड़ी सादड़ी क्षेत्र के एलवा माता मंदिर में मेघवाल समाज छात्रावास निर्माण समिति द्वारा आयोजित समारोह में 10वीं व 12वीं के 93 प्रथम श्रेणी उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं का अभिनंदन किया गया।

एलवा माता मंदिर प्रांगण में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह के दौरान मंच पर मंचासीन अतिथि और सामने कुर्सियों पर बैठकर कार्यक्रम में भाग लेते मेघवाल समाज के गणमान्य जन।
डूंगला-बड़ी सादड़ी क्षेत्र में मेघवाल समाज छात्रावास निर्माण समिति के बैनर तले एलवा माता मंदिर प्रांगण में सत्र 2025-26 में 10वीं एवं 12वीं में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण 93 बालक-बालिकाओं के सम्मान में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की शुरुआत महात्मा ज्योतिबा फुले, माता सावित्रीबाई फुले और संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण कर की गई, जिससे कार्यक्रम का वातावरण प्रेरणादायक बन गया।
इस अवसर पर दिल्ली से आए नारायण लाल मेघवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि उदयपुर से इंजीनियर राहुल मेघवाल ने अध्यक्षता की तथा भदेसर से शिक्षक राधेश्याम जटिया विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्य अतिथि नारायण लाल मेघवाल ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी बच्चे की शिक्षा बीच में नहीं रुकने दी जाएगी और इसके लिए हर संभव आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाएगा। अध्यक्ष इंजीनियर राहुल मेघवाल ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ तकनीक को अपनाने, पुस्तकालय का अधिकतम उपयोग करने तथा महापुरुषों के विचारों को जीवन में आत्मसात कर आगे बढ़ने का आह्वान किया। वहीं विशिष्ट अतिथि राधेश्याम जटिया ने विद्यार्थियों को जमीनी हकीकत को समझते हुए आत्मसम्मान और स्वाभिमान के साथ शिक्षा को ही समाज की प्रगति का एकमात्र मार्ग बताया।
समारोह में उपस्थित विभिन्न वक्ताओं ने भी मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। इनमें रामेश्वर लाल मेघवाल, देवीलाल मेघवाल, मोहनलाल मेघवाल, शंकरलाल मेघवाल, उदयलाल मेघवाल, नक्षत्र मल, नंदलाल, प्रकाश सहित कई समाजजनों ने प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। संचालन प्रीतम मेघवाल देवलास ने किया, जबकि नानूराम मेघवाल, शांतिलाल मेघवाल, मोहनलाल महुडा, मोडी राम, प्रहलाद मेघवाल, बाबूलाल, भेरूलाल मेघवाल सहित अनेक कार्यकर्ताओं एवं समाजजनों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। पूरे क्षेत्र के किसान, कारीगर, मजदूर, कर्मचारी, अधिकारी एवं समाज के बुजुर्ग पंचों की उपस्थिति ने समारोह को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में मांगीलाल मेघवाल (बिलोट) ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। यह सम्मान समारोह समाज में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनकर सामने आया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
