डीएसटी की बड़ी कार्रवाई: जिला जेल कनावटी से 16 साल पहले फरार आरोपी गिरफ्तार
जिला जेल कनावटी, नीमच से 2010 में फरार सोहन जाट को डीएसटी ने 16 साल बाद पकड़ा। आरोपी वापी में परिवार के साथ रह रहा था।

निम्बाहेड़ा। जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्ष 2010 में जिला जेल कनावटी, नीमच से जेल के लोहे के सरिये तोड़कर फरार हुए आरोपी सोहन जाट को गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना जीरन, जिला नीमच, मध्यप्रदेश के एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में बंदी था और जेल से फरार होने के बाद करीब 16 वर्षों से पुलिस गिरफ्त से दूर रह रहा था। इस दौरान वह महाराष्ट्र के वापी में ट्रैक्टर चलाकर परिवार सहित रह रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि ईनामी एवं वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम में एएसआई राज कुमार, साइबर सेल के कांस्टेबल जगदीश, देवेंद्र, सुरेश सुंडा, अरविंद, अशोक, कृष्णकांत, वीरेंद्र और रामकेश शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर के जरिए एएसआई सूरज कुमार को सूचना मिली कि 01 जनवरी 2010 को जिला जेल कनावटी, नीमच से भागे पांच अभियुक्तों में से एक अभियुक्त कपासन थाना क्षेत्र के हथियाना निवासी 45 वर्षीय सोहन जाट पुत्र सूरजमल जाट है। सूचना मिली कि वह सामाजिक कार्य से भादसोड़ा आएगा। सूचना विश्वसनीय होने पर एएसआई सूरज कुमार मय जाब्ता के मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के व्यक्ति का सुबह से शाम तक इंतजार करते रहे।
शाम को अंधेरा पड़ने के बाद जैसे ही सोहन जाट हथियाना आया, मुखबिर ने पुलिस टीम को इशारा कर दिया। आरोपी सोहन जाट दिखाई दिया और पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। इस पर पुलिस टीम ने उसे घेरकर पकड़ लिया और डिटेन कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि सोहन जाट जेल से फरार होने के बाद महाराष्ट्र के वापी में ट्रैक्टर चलाता था। उसने वहीं मकान बना लिया और अपने परिवार के साथ रहने लगा था। वह कभी-कभार ही अपने गांव आता था।
डिटेन किए गए आरोपी सोहन जाट के थाना जीरन, जिला नीमच, मध्यप्रदेश के मामले में वांछित होने के कारण उसे नियमानुसार अग्रिम अनुसंधान के लिए पुलिस थाना जीरन, जिला नीमच, मध्यप्रदेश को सुपुर्द किया गया। उक्त कार्रवाई में थाना भदेसर के कांस्टेबल सुरेंद्र पाल का भी योगदान रहा।
इस कार्रवाई के साथ जिला विशेष टीम ने वर्ष 2010 में जिला जेल कनावटी, नीमच से फरार हुए आरोपियों में शामिल सोहन जाट को करीब 16 वर्ष बाद पकड़कर संबंधित पुलिस थाना जीरन के सुपुर्द किया है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
