जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला कलक्ट्रेट स्थित समिति कक्ष में नारको कोऑर्डिनेशन सेंटर की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव, अति कलक्टर दिनेश धाकड़, अति पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा, आबकारी विभाग के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में जिले को नशा मुक्त बनाने, युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने तथा नशीले पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें अफीम और गांजे की अवैध खेती की निगरानी, डोडा पोस्त के विनष्टीकरण, ट्रामाडोल एवं कोडिन आधारित खांसी की दवाओं जैसे साइकोट्रोपिक पदार्थों की अवैध खपत पर रोक तथा एनडीपीएस अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।

जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए प्रशासन गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने विद्यालयों और महाविद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देकर उन्हें स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस और प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्रवाई नहीं, बल्कि समाज में व्यापक जागरूकता फैलाकर युवाओं को सुरक्षित भविष्य प्रदान करना भी है।

बैठक के दौरान खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान को मजबूत करने, संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी, अफीम की वैध खेती से संभावित अवैध डायवर्जन की रोकथाम, तथा डोडा पोस्त के विनष्टीकरण जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही अंतरराज्यीय मामलों की जांच प्रगति की समीक्षा और आवश्यक रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक ने जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को और अधिक प्रभावी दिशा देने पर जोर दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story