खान सुरक्षा महानिदेशालय के 125वीं जयंती वर्ष के अवसर पर जे.के. सीमेंट स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में डायरेक्टर माइंस सेफ्टी, क्षेत्रीय कार्यालय उदयपुर, टॉम मैथ्यू ने स्पष्ट कहा कि सुरक्षित खनन ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि खान सुरक्षा महानिदेशालय खदानों में सुरक्षा संवर्धन के साथ-साथ खनन कर्मियों के स्वास्थ्य और उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए निरंतर महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है।

जे.के. आई.टी.आई. के विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए टॉम मैथ्यू ने पर्यावरण चेतना, सामाजिक सुरक्षा और व्यक्ति निर्माण जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई।

इस अवसर पर खान सुरक्षा महानिदेशालय, क्षेत्रीय कार्यालय उदयपुर के डिप्टी डायरेक्टर सेफ्टी विशाल गोयल की उपस्थिति में जे.के. सीमेंट माइंस विभाग के अधिकारियों और विद्यार्थियों द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में जे.के. आई.टी.आई. के प्रिंसिपल किशन लाल जोशी ने डायरेक्टर माइंस सेफ्टी टॉम मैथ्यू एवं डिप्टी डायरेक्टर माइंस सेफ्टी विशाल गोयल का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने खान सुरक्षा महानिदेशालय द्वारा आयोजित ऐसे कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों में नई जागृति आएगी और उनके सर्वांगीण विकास को बल मिलेगा।

कार्यक्रम में जे.के. सीमेंट माइंस प्रबंधन के हेड माइंस ऑपरेशन राकेश शर्मा, माइंस हेड सुधीर नागोरी सहित अन्य अधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल खनन सुरक्षा के प्रति जागरूकता का माध्यम बना, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति भी मजबूत संदेश देकर समाप्त हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story