देवली के शनि देव मंदिर में दो दिवसीय मेले का आयोजन, उमड़ा जनसैलाब
भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुरू हुआ मेला, पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी और पीसीसी सदस्य हनुमन्त सिंह बोहेड़ा रहे अतिथि।

डूंगला तहसील के निकटवर्ती धार्मिक स्थल देवली स्थित शनि देव मंदिर प्रांगण में दो दिवसीय विशाल मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। 12 अप्रैल को आयोजित इस मेले का आगाज विधिवत भजन संध्या के साथ किया गया। शनि देव मंदिर निर्माण समिति के सचिव एवं पूर्व प्रधान कनक मल दक (हाकम) ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मेले का आयोजन किया गया, जिसकी तैयारियां पिछले कई दिनों से युद्धस्तर पर जारी थीं। मेले के उद्घाटन अवसर पर रात्रि 9:30 बजे पीसीसी सदस्य हनुमन्त सिंह बोहेड़ा एवं रात्रि 11:00 बजे पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी अतिथि के रूप में पहुंचे। अतिथियों के लवाजमे में उपखंड के कांग्रेस पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य जन उपस्थित रहे, जिनका मेला कमेटी द्वारा भव्य स्वागत-सम्मान किया गया।
सांस्कृतिक संध्या में ख्यातिनाम कलाकार बबलू रंगीला, कमलेश सेन, अनू भारती और जय श्री ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं भवाई कलाकार नरेंद्र और पूजा राजस्थानी के कला प्रदर्शन ने उपस्थित जनसमूह पर अमिट छाप छोड़ी। कॉमेडी किंग डैनी अलबेला, शिवानी और सिमरन ने अपनी हास्य प्रस्तुतियों से ग्रामीणों को हंसने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम के ऑर्गनाइजर विनोद राठौर के कुशल प्रबंधन के बीच ग्रामीण देर रात तक जमे रहे। मेले में मनोरंजन के लिए मोटर चलित चकरी झूले, मिकी माउस और अन्य साधन उपलब्ध थे, जिनका बच्चों और बड़ों ने जमकर लुत्फ उठाया। मंदिर परिसर एवं बाजार को आकर्षक लाइट डेकोरेशन और विभिन्न कलाकृतियों से सजाया गया था।
मेले के विशाल ग्राउंड में घरेलू उत्पादों, वस्त्र-आभूषण, खिलौने, क्रोकरी, क्रिकेट सामग्री और मिट्टी के मटकों सहित विभिन्न प्रकार की दुकानें सजी रहीं, जहां ग्रामीणों ने जमकर खरीदारी की। खान-पान के लिए विभिन्न अल्पाहार स्टॉल और शीतल पेय की व्यवस्था भी मौजूद थी। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस के आला अधिकारी, महिला एवं पुरुष कांस्टेबल चप्पे-चप्पे पर तैनात रहकर चौकसी बरतते नजर आए। यातायात एवं पार्किंग की माकूल व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं ने सर्वप्रथम शनि देव के दर्शन कर लाभ लिया और तत्पश्चात मेले का आनंद लिया। इस अवसर पर मेला कमेटी अध्यक्ष व पूर्व सरपंच पालोद रामलाल डांगी, सचिव कनक मल दक, कोषाध्यक्ष प्रकाश कुलमी सहित कमेटी के समस्त पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन भगवती लाल बाबेल द्वारा किया गया। यह दो दिवसीय मेला क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक एकता का केंद्र बना रहा।

Praveen Mehta, Dungla
नाम: प्रवीण मेहता
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातकाल)
कार्यक्षेत्र: डूंगला उपखंड, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, और राजनीति
परिचय
प्रवीण मेहता राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले डूंगला उपखंड क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा व्यवस्था, स्थानीय राजनीति, घटना-दुर्घटना और जनहित से जुड़े कार्यों की रिपोर्टिंग करते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना, ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को इन योजनाओं से जोड़ना और सामाजिक सरोकार के मुद्दों को निष्पक्षता से उठाना है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
प्रवीण मेहता को प्रिंट और डिजिटल मीडिया में दो दशकों से अधिक का व्यापक अनुभव है। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:
- जय राजस्थान, मेवाड़ी मीरा, और जननायक: वर्ष 2002 में इन समाचार पत्रों में कार्य किया।
- दैनिक दशपुर एक्सप्रेस: वर्ष 2006 से लगातार 12 वर्षों तक इस समाचार पत्र में अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक भास्कर: वर्ष 2008 से 2012 तक संवाददाता और एजेंसी के रूप में कार्य किया।
- प्रातकाल: वर्ष 2018 से वर्तमान तक लगातार 'प्रातकाल' समाचार पत्र के संवाददाता के रूप में डूंगला क्षेत्र में कार्यरत हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 10वीं कक्षा तक पूरी की है।
