शहर में अग्निशमन सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले कोचिंग संस्थानों पर नगर परिषद ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो शिक्षण संस्थानों को सीज कर दिया है। हाल के दिनों में देशभर में सामने आई आगजनी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक जांच शुरू की थी, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई।

जिला कलक्टर डॉ. मंजू के निर्देशन में नगर परिषद आयुक्त रविन्द्रसिंह यादव ने राजस्व अधिकारी एवं सहायक अग्निशमन अधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया था। समिति को शहर में संचालित सभी कोचिंग एवं शिक्षण संस्थानों का मौके पर निरीक्षण कर अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच करने तथा नियमों की अवहेलना पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

निर्देशों की पालना में समिति ने शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया। जांच में द्रोणाचार्य क्लासेस एवं एसक्यूब लाइब्रेरी में अग्निशमन सुरक्षा मानकों के तहत अनियमितताएं पाए जाने पर टीम ने मौके पर ही दोनों संस्थानों को सीज करने की कार्रवाई की।

इसके अलावा नगर परिषद ने 27 कोचिंग एवं शिक्षण संस्थानों तथा 70 व्यावसायिक संस्थानों को नोटिस जारी किए हैं। संबंधित संस्थानों को सात दिवस के भीतर अग्निशमन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में आवश्यक सुधार नहीं किए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को शहर में सार्वजनिक सुरक्षा मानकों के पालन को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story