कांकरवा। 29 मई। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चोरवडी की मेधावी छात्रा नेहा मेनारिया ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति (NMMS) परीक्षा में शानदार सफलता अर्जित कर विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। नेहा ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में कुल 180 में से 128 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट स्थान हासिल किया है।

छात्रा की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्षोल्लास का वातावरण है। इस सफलता के उपलक्ष्य में विद्यालय के प्रधानाचार्य कन्हैयालाल मेनारिया ने स्टाफ सदस्यों के साथ छात्रा के निवास स्थान पर पहुँचकर उसे बधाई दी। प्रधानाचार्य ने नेहा को उपरणा ओढ़ाकर तथा मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। इस अवसर पर प्रधानाचार्य कन्हैयालाल मेनारिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं अपनी कड़ी मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं और नेहा की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत सिद्ध होगी।

नेहा के माता-पिता ने शिक्षकों के सही मार्गदर्शन और उनके समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन्हीं के सहयोग से उनकी बेटी ने यह मुकाम हासिल किया है। सम्मान कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासी, विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने नेहा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस गौरवमयी अवसर पर सेवानिवृत्त पटवारी देवीलाल, खूबी लाल मेनारिया, सुरेश मेनारिया, शंकर लाल, भँवर लाल एवं नेहा का भाई आदित्य मेनारिया विशेष रूप से उपस्थित थे। छात्रा ने अपनी इस सफलता का श्रेय विद्यालय के प्रधानाचार्य कन्हैयालाल मेनारिया एवं मार्गदर्शक प्राध्यापक हेमराज जाट के कुशल मार्गदर्शन को दिया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story