चित्तौड़गढ़ में 21 साल बाद कांग्रेस की वापसी, रतनी देवी जाट बनीं जिला प्रमुख
चित्तौड़गढ़ जिला परिषद में 21 साल बाद कांग्रेस ने सत्ता में वापसी की है। रतनी देवी जाट जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं। जानिए चुनाव में मिले वोट, बद्रीलाल जाट के बयान, नेताओं की प्रतिक्रिया और उप जिला प्रमुख चुनाव का पूरा कार्यक्रम।

चित्तौड़गढ़ जिला परिषद सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू नवनिर्वाचित जिला प्रमुख रतनी देवी जाट को प्रमाण पत्र सौंप रही हैं।
चित्तौड़गढ़ जिला परिषद की राजनीति में 21 साल का लंबा इंतजार खत्म करते हुए कांग्रेस ने एक बार फिर जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया है। जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रतनी देवी जाट ने भाजपा की तुलसी बाई को हराकर जीत दर्ज की। रतनी देवी जाट कांग्रेस नेता एवं पूर्व डेयरी चेयरमैन बद्रीलाल जाट जगपुरा की पत्नी हैं। उनकी जीत के बाद जिलेभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जश्न मनाया।
चित्तौड़गढ़ जिला परिषद के कुल 35 वार्डों में से कांग्रेस के 28 और भारतीय जनता पार्टी के 7 सदस्य निर्वाचित हुए थे। स्पष्ट बहुमत होने के कारण कांग्रेस की जीत पहले से ही तय मानी जा रही थी। हालांकि, चुनाव की संवैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के लिए बुधवार को जिला परिषद सभागार में जिला प्रमुख का निर्वाचन कराया गया।
चुनाव में कांग्रेस की ओर से रतनी देवी जाट और भाजपा की ओर से तुलसी बाई ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदान कराया गया। कांग्रेस के सभी 28 सदस्यों ने रतनी देवी जाट के पक्ष में मतदान किया। मतगणना के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने उन्हें विजयी घोषित करते हुए जिला प्रमुख निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र सौंपा। रतनी देवी जाट ने 21 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
जीत की आधिकारिक घोषणा होते ही जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट चौराहे पर मौजूद सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य किया और आतिशबाजी कर खुशी जताई। नवनिर्वाचित जिला प्रमुख रतनी देवी जाट और उनके पति बद्रीलाल जाट का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। कांग्रेस नेताओं ने इस जीत को जिले में विकास की नई शुरुआत बताया।
जीत के बाद नवनिर्वाचित जिला प्रमुख रतनी देवी जाट, उनके पति एवं पूर्व डेयरी चेयरमैन बद्रीलाल जाट, पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना और पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने जनता का आभार जताया। उन्होंने चुनाव परिणाम को विकास और विश्वास की जीत बताया।
जनता ने कांग्रेस को 82 प्रतिशत अंकों के साथ ए ग्रेड दिया: बद्रीलाल जाट
पूर्व डेयरी चेयरमैन बद्रीलाल जाट ने चुनाव परिणाम की तुलना स्कूल की अर्धवार्षिक परीक्षा से करते हुए कहा कि चुनाव से पहले उन्होंने जनता से अपील की थी कि भाजपा और कांग्रेस दोनों अपनी परीक्षा दे चुकी हैं और अब परिणाम जनता के हाथ में है। मतदाताओं ने दोनों दलों के कामकाज का आकलन कर कांग्रेस को 82 प्रतिशत अंकों और ए ग्रेड के साथ पास किया है, जबकि विपक्षी दल को पूरी तरह नकार दिया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं होने के बावजूद जिला परिषद के माध्यम से ग्रामीण विकास के जो भी कार्य संभव होंगे, उन्हें पूरी मजबूती और प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में किसी व्यक्ति के साथ अन्याय या गलत व्यवहार होने पर कांग्रेस पूरी ताकत से उसका विरोध करेगी। आने वाले समय में कांग्रेस की सरकार बनने पर विकास कार्यों को और बेहतर गति दी जाएगी।
जनता के हर जायज काम को प्राथमिकता देंगे: रतनी देवी जाट
जिला प्रमुख निर्वाचित होने के बाद रतनी देवी जाट ने अपनी जीत का श्रेय पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जिले की जनता को दिया। उन्होंने सभी का आभार जताते हुए कहा कि जनता ने जिस उम्मीद और विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी। आमजन की समस्याओं का समाधान करना और जनता के प्रत्येक जायज काम को प्राथमिकता से पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
21 साल बाद मिला ऐतिहासिक जनसमर्थन: उदयलाल आंजना
पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने कांग्रेस की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि जिला प्रमुख के पद पर पार्टी की वापसी के लिए 21 साल का लंबा इंतजार करना पड़ा। उन्होंने कहा कि जिले के इतिहास में पहली बार जनता ने 82 प्रतिशत के प्रचंड समर्थन के साथ कांग्रेस को यह अवसर दिया है, जो इससे पहले किसी को नहीं मिला।
आंजना ने जीत का श्रेय पार्टी की एकजुटता को देते हुए कहा कि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिलकर योग्य और अच्छे उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा था। इसी का परिणाम है कि जनता ने कांग्रेस के पक्ष में अपना फैसला सुनाया।
जनता ने वोट के जरिए सरकारों के प्रति नाराजगी जताई: सुरेंद्र सिंह जाड़ावत
पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस को समर्थन देने के लिए चित्तौड़गढ़ की जनता और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत की, जिसके परिणामस्वरूप कांग्रेस ने ऐतिहासिक बहुमत हासिल किया। कांग्रेस को 28 और भाजपा प्रत्याशी को 7 वोट मिले। रतनी देवी जाट 21 मतों के अंतर से जिला प्रमुख निर्वाचित हुई हैं।
जाड़ावत ने कहा कि वरिष्ठ नेता उदयलाल आंजना ने जनभावनाओं और कार्यकर्ताओं की इच्छा के अनुरूप टिकट वितरण किया, जिसका लाभ पार्टी को मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि अशोक गहलोत सरकार की योजनाओं को बंद किए जाने के साथ ही विधायकों तथा केंद्र और राज्य सरकार के प्रति जनता में नाराजगी थी। मतदाताओं ने अपने वोट के जरिए यह नाराजगी जाहिर की है।
उन्होंने इस जनादेश को भजनलाल सरकार और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जनता का संदेश बताते हुए कहा कि यह परिणाम 2028 के विधानसभा और 2029 के लोकसभा चुनावों का भी संकेत है।
आज होगा उप जिला प्रमुख का चुनाव
जिला प्रमुख का निर्वाचन पूरा होने के बाद अब गुरुवार को उप जिला प्रमुख का चुनाव कराया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे से 11 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। सुबह 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी और दोपहर 1 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
यदि एक से अधिक प्रत्याशी चुनाव मैदान में रहते हैं तो दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक जिला परिषद सदस्य मतदान करेंगे। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा। कांग्रेस की ओर से रामेश्वर लाल धाकड़ और देवीलाल धाकड़ के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं, जबकि भाजपा की ओर से अब तक किसी प्रत्याशी का नाम सामने नहीं आया है।
21 साल बाद जिला परिषद की सत्ता में कांग्रेस की वापसी के साथ चित्तौड़गढ़ में जिला प्रमुख का चुनाव संपन्न हो गया है। अब सभी की नजर उप जिला प्रमुख के चुनाव पर टिकी है।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
