चित्तौड़गढ़ जिला परिषद में कांग्रेस ने जिला प्रमुख के बाद उप जिला प्रमुख पद पर भी जीत दर्ज कर दोनों शीर्ष पदों पर अपना कब्जा जमा लिया। उप जिला प्रमुख पद के लिए गुरुवार को संपन्न हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रामेश्वर धाकड़ ने 35 जिला परिषद सदस्यों में से 28 सदस्यों का समर्थन हासिल कर एकतरफा जीत दर्ज की। इससे पहले कांग्रेस की रतनी देवी जाट जिला प्रमुख निर्वाचित हुई थीं। दोनों प्रमुख पदों पर कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों के निर्वाचित होने से पार्टी ने जिला परिषद में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।

उप जिला प्रमुख चुनाव का परिणाम घोषित होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट चौराहे पर एकत्रित हुए और नारेबाजी, आतिशबाजी तथा मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया। इस दौरान कांग्रेस नेता बद्रीलाल जाट जगपुरा, नवनिर्वाचित जिला प्रमुख रतनी देवी जाट, भगवती देवी झाला, पूर्व प्रधान पुष्पा जाट और राजेश्वरी मीणा सहित कई सदस्य एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

जिला परिषद के जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों पदों पर कांग्रेस के निर्वाचित होने से जिले की ग्रामीण राजनीति में पार्टी की स्थिति मजबूत हुई है। कांग्रेस इस जीत को जनसमर्थन और संगठन की एकजुटता का परिणाम बता रही है। वहीं, प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के कारण जिला परिषद के कामकाज, सरकारी समन्वय और उपलब्ध संसाधनों के प्रबंधन को लेकर आने वाले समय में राजनीतिक खींचतान की स्थिति बन सकती है।

जीत के बाद कांग्रेस नेता बद्रीलाल जाट जगपुरा ने मीडिया और कार्यकर्ताओं से बातचीत में भाजपा सरकार, प्रशासन और विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दोनों प्रमुख पदों पर जीत के बाद ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति देने की जिम्मेदारी बढ़ गई है। प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के कारण सहयोग की उम्मीद कम है। ऐसे में कांग्रेस ने बड़े वादे करने के बजाय मान-सम्मान के मुद्दे पर वोट मांगे। उपलब्ध बजट और ताकत के आधार पर जनता के काम किए जाएंगे तथा सत्ता में आने पर सभी वादे पूरे किए जाएंगे।

बद्रीलाल जाट ने दावा किया कि किसान, अफीम काश्तकार और आमजन का भाजपा से भरोसा उठ चुका है तथा प्रदेश में जनादेश भाजपा के खिलाफ गया है। उन्होंने नगर निकाय और मौजूदा चुनावों में अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए 'वोट चोरी' का मुद्दा भी उठाया।

भाजपा जनप्रतिनिधियों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि नेताओं को आपसी सामंजस्य के साथ काम करना चाहिए, दादागिरी नहीं दिखानी चाहिए और पुलिस-प्रशासन का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को विवादों में नहीं घसीटने की चेतावनी देते हुए कहा कि सत्ता बदलती रहती है और अधिकारियों के साथ आगे भी काम करना होता है।

बद्रीलाल जाट ने स्पष्ट किया कि किसी भी गलत कार्य के खिलाफ कांग्रेस सड़क पर उतरने से पीछे नहीं हटेगी। ऐसे में चित्तौड़गढ़ जिला परिषद के दोनों प्रमुख पदों पर कांग्रेस की जीत के बाद अब ग्रामीण विकास के मुद्दों के साथ ही भाजपा सरकार और प्रशासन के साथ समन्वय भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण रहेगा।

Piyush Mundara, Chittorgarh

Piyush Mundara, Chittorgarh

नाम: पियूष मूंदड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

अनुभव: साल 2013 से

विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग

बीट और कवरेज 

  • स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
  • क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
  • प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
  • बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।

शैक्षणिक योग्यता

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story