चित्तौड़गढ़: महिला आरक्षण बिल लागू करने की मांग, कांग्रेस का पोस्टकार्ड अभियान
चित्तौड़गढ़ महिला कांग्रेस ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 को जल्द लागू करने और ओबीसी महिलाओं को आरक्षण देने की मांग को लेकर पीएम मोदी को पोस्टकार्ड भेजे।

चित्तौड़गढ़ में जिलाध्यक्ष यशोदा नरेन्द्र पुरोहित के नेतृत्व में प्रधानमंत्री को भेजने के लिए पोस्टकार्ड प्रदर्शित करती महिला कांग्रेस की पदाधिकारी और कार्यकर्ता।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 (महिला आरक्षण बिल) को शीघ्र लागू कराने की मांग को लेकर चित्तौड़गढ़ महिला कांग्रेस ने संगठित अभियान छेड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए पोस्टकार्ड अभियान शुरू किया। जिलाध्यक्ष यशोदा नरेन्द्र पुरोहित के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण के मुद्दे को मुखर किया।
कार्यक्रम अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लाम्बा तथा राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। अभियान के दौरान महिलाओं ने प्रधानमंत्री को पोस्टकार्ड लिखकर महिला आरक्षण बिल को जल्द लागू करने की मांग उठाई। इस दौरान “आधी आबादी का हक अधूरा क्यों?” और “ओबीसी महिलाओं को भी पूरा अधिकार मिले” जैसे नारों के माध्यम से समान भागीदारी की मांग को जोरदार तरीके से रखा गया। साथ ही “हर वर्ग की महिला की भागीदारी, यही है सच्ची बराबरी” जैसे नारे भी गूंजे।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष संगीता छिपा, जिला महासचिव सुशीला रेगर, आशा दमानी, सचिव दुर्गा जटिया, सदस्य ज्योति सोनी, नानी बाई रेगर, स्नेहा जैन, शबाना बानू, शाहिदा, प्रज्ञा, सीमा, अनुश्री सारस्वत, अन्तिम बाला तम्बोली, आरती और सिमरन मेघवाल सहित अनेक महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। सभी प्रतिभागियों ने “आधी आबादी, पूरा हक” के संकल्प को दोहराते हुए महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
जिला अध्यक्ष यशोदा नरेन्द्र पुरोहित ने स्पष्ट किया कि महिला आरक्षण बिल को जल्द लागू करना महिलाओं के अधिकार और सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जब तक यह मांग पूरी नहीं होती, तब तक यह आंदोलन निरंतर जारी रहेगा। यह अभियान न केवल राजनीतिक भागीदारी में महिलाओं की हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास है, बल्कि सामाजिक समानता के व्यापक लक्ष्य को भी रेखांकित करता है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
