चित्तौड़गढ़ के सदर थाना क्षेत्र में 10 दिन पहले एक युवती को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या के प्रयास के दर्ज मामले में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उदयपुर के निजी चिकित्सालय में वेंटिलेटर पर भर्ती चंदा कीर ने सोमवार को दम तोड़ दिया। पहले इस मामले में मारपीट और जबरन जहरीला पदार्थ खिलाने के आरोपों के आधार पर प्रकरण दर्ज किया गया था। बाद में उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ दी थी। अब चंदा की मौत के बाद मामले की जांच और महत्वपूर्ण हो गई है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण तथा जांच की आगे की दिशा स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पहले से दर्ज हत्या के प्रयास के मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए हर पहलू की जांच कर रही है।

मामला चित्तौड़गढ़ के सदर थाना क्षेत्र का है। जिले के राशमी के सांखली गांव निवासी सोनिया कीर ने 21 जुलाई को अपनी बड़ी बहन चंदा कीर के साथ हुई घटना की रिपोर्ट सदर थाने में दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार चंदा निम्बाहेड़ा रोड स्थित तुलसी एन्क्लेव कॉलोनी में किराये के मकान में रहती थी।

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि 18 जुलाई की दोपहर मदनलाल जाट, प्रहलाद जाट और भावना शर्मा उसके घर पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने पहले उसका मोबाइल बंद कराया, फिर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से जबरन कोई जहरीला पदार्थ खिला दिया। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि बाद में वही लोग उसे इलाज के लिए पहले बिरला हॉस्पिटल और फिर हालत बिगड़ने पर सांवलियाजी हॉस्पिटल लेकर गए। वहां से चिकित्सकों ने उसे उदयपुर रेफर कर दिया।

उदयपुर के निजी हॉस्पिटल में चंदा करीब 10 दिन तक वेंटिलेटर पर भर्ती रही, लेकिन उपचार के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। जब मामला सामने आया था, तब पुलिस ने मारपीट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था। बाद में चंदा की हालत लगातार गंभीर रहने और उसके वेंटिलेटर पर होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ दी थी और उसी आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही थी।

अब पीड़िता की मौत के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की दोबारा कड़ियां जोड़ रही है। जांच में यह देखा जा रहा है कि घटना के समय क्या हुआ, उपचार के दौरान चिकित्सकों ने क्या पाया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या तथ्य सामने आते हैं। पुलिस सभी साक्ष्य जुटाकर मामले के हर पहलू की जांच कर रही है, ताकि आगे की कार्रवाई ठोस सबूतों के आधार पर की जा सके।

अति पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा ने बताया कि चंदा का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है। अब पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल पुलिस पहले से दर्ज हत्या के प्रयास के मामले के आधार पर ही जांच कर रही है। मेडिकल रिपोर्ट, एफएसएल से मिलने वाले तथ्यों और अन्य साक्ष्यों को एक साथ जोड़कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी वैज्ञानिक और मेडिकल साक्ष्यों की जांच आवश्यक है, ताकि मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story