चित्तौड़गढ़। मंगलवार को राउप्रावि चित्तौड़ी में एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक सामाजिक पहल का साक्षी बनने का अवसर मिला, जहाँ सर्दी की वर्दी अभियान 5.0 के तहत 1001 बच्चों को निःशुल्क स्वेटर वितरित किए गए। यह विशाल कार्यक्रम भारत विकास परिषद शाखा और उनियारा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, विशिष्ट अतिथि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा, जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शंभूलाल सोमानी मंचासीन रहे। इसके अलावा मेवाड़ की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे, जिनमें मेवाड़ एजुकेशन के गोविंद सेठिया, अरबन बैंक अध्यक्ष डॉ. आई.एम. सेठिया, पर्यावरण प्रेमी कमल जैन, बालकृष्ण धूत, शशि सनाढ्य, बृजेश मोदानी और अतुल सिसोदिया प्रमुख रहे।

अतिथियों ने इस अभियान को शिक्षा और सामाजिक संवेदनशीलता की मिसाल बताया। एसीईओ राकेश पुरोहित ने इसे “प्रभु कृपा और समाज की एकजुटता का शानदार उदाहरण” बताया। सीडीओ दशोरा, डीईओ शर्मा और एसीबीईओ सोमानी ने इसे शिक्षा विभाग के लिए गर्व की पहल करार दिया।

ग्राम पंचायत एराल और पुरुषार्थी के अधीन आने वाले लगभग 25 सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को यह स्वेटर प्रदान किए गए। प्रत्येक विद्यालय प्रभारी को स्वेटर पैकेज सौंपे गए और निर्णय लिया गया कि सभी विद्यालय अपने-अपने बच्चों को एक साथ स्वेटर पहनाएँगे, जिससे अभियान की सामूहिकता और एकता का संदेश प्रबल रूप से प्रसारित हो सके।

कार्यक्रम का सफल संचालन महेश नुवाल के नेतृत्व में हुआ। उन्होंने बच्चों तक अधिक से अधिक स्वेटर पहुँचाने की प्रतिबद्धता जताई। अभियान के विवरण प्रस्तुत करते हुए गणेश उनियारा ने बताया कि यह पहल वर्ष 2021 से निरंतर चल रही है और वर्तमान में इसका सीजन 5 संपन्न हुआ। अब तक हजारों बच्चों को गर्म कपड़े उपलब्ध कराए जा चुके हैं, और आगामी लक्ष्य 10,000 बच्चों तक निःशुल्क स्वेटर पहुँचाना है।

इस अवसर पर लक्ष्मीचंद मीणा, कालूराम खटीक, मनोहर मूंदड़ा, अशोक काबरा, गोपाल जेटलिया, फतह सिंह, मुकेश मुंदड़ा, पंकज शर्मा, देवकीनंदन वैष्णव, दशरथ काबरा, गिरिराज सोमानी, राजूलाल तेली, हनुमान गुप्ता, जीतराम लालसोट, रीना गुप्ता, पूजा वैष्णव, कंचन जीनगर, भेरूलाल रावल, निर्मला सुराणा, सीमा मीणा, सोना, प्रमिला गदिया, पूनम, उर्मिला सैनी और पीओ घनश्याम जजवानी भी उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story