चित्तौड़गढ़: वार्ड 54 में जन प्रतिनिधियों का स्वागत, संगीतमय सुंदरकांड पाठ
नवनिर्वाचित सभापति अनिल ईनाणी और उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया का सम्मान किया गया, सभापति ने विकास के लिए वार्ड स्तरीय समिति बनाने का ऐलान किया।

चित्तौड़गढ़ में मंच पर खड़े होकर लोगों को संबोधित करते प्रतिनिधि और उपस्थित जनसमूह।
चित्तौड़गढ़। नगर परिषद के वार्ड 54 में मंगलवार रात्रि जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह के साथ संगीतमय सुंदरकांड पाठ ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। सिद्ध श्री हरिबालाजी मंदिर परिसर में वार्डवासियों की ओर से नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति अनिल ईनाणी, उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया और वार्ड 54 के पार्षद सीताराम माली का स्वागत समारोह आयोजित किया गया।
सभापति अनिल ईनाणी और उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर ढोल के साथ स्वागत किया गया। सिद्ध श्री हरि बालाजी के दर्शन के बाद अतिथियों का मेवाड़ी पाग पहनाकर, शाल ओढ़ाकर और केसरिया उपरना पहनाकर स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में वार्डवासी समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम में सुधीर जैन, कैलाश तोषनीवाल, नंदकिशोर त्रिपाठी, देवराज कीर और अर्जुन तिवारी विशिष्ट अतिथि रहे। मुख्य अतिथि सभापति अनिल ईनाणी ने वार्डवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि चित्तौड़गढ़ नगर की मूलभूत आवश्यकताओं सफाई, रोडलाइट आदि को बेहतर बनाने की दिशा में कार्ययोजना बनाकर उसे मूर्त रूप दिया जा रहा है। इसके परिणाम शीघ्र दिखाई देंगे।
ईनाणी ने कहा कि विकास कार्यों की सफलता में नगर परिषद की भूमिका 25 प्रतिशत रहती है, जबकि 75 प्रतिशत भूमिका की सहभागिता नगरवासियों की रहती है। उन्होंने कहा कि वे शीघ्र ही प्रत्येक वार्ड में दलगत भावना से ऊपर हटकर वार्ड के जागरूक नागरिकों की एक समिति बनाएंगे। समिति क्षेत्र में स्वच्छता की भावना रखते हुए गंदगी फैलाने वाले तत्वों को जागरूक करेगी। उन्होंने नगर के विकास में नगरवासियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का संचालन देवीलाल सुथार और राकेश पोरवाल ने किया। आभार विजय अजमेरा ने व्यक्त किया। नंदकिशोर त्रिपाठी निर्झर ने काव्य रचना के माध्यम से स्वागत किया। कैलाश तोषनीवाल और कल्याणी दीक्षित ने भी विचार व्यक्त किए। सभापति अनिल ईनाणी ने श्रीनाथ सत्संग मंडल की टीम का उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया।
जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह के बाद श्रीनाथ सत्संग मंडल की ओर से संगीतमय सुंदरकांड का पाठ किया गया। भजन गायक राजेश सोमानी, मुकेश सोमानी और उनकी टीम ने भक्ति रस का प्रवाह कर भक्तजनों को भावविभोर कर दिया। देर रात्रि तक चले संगीतमय सुंदरकांड पाठ से मंदिर परिसर का माहौल धर्ममय बना रहा। इस अवसर पर वार्ड के वरिष्ठजन, युवा और मातृशक्ति बड़ी संख्या में सम्मिलित रहे।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
