चित्तौड़गढ़: भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की सीबीआई जांच की मांग, विप्र सेना का प्रदर्शन
चित्तौड़गढ़ में विप्र सेना ने बिहार के कथित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई गई।

चित्तौड़गढ़ कलेक्ट्रेट के बाहर विप्र सेना के पदाधिकारी बिहार के भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए।
चित्तौड़गढ़। बिहार में हुए कथित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर मंगलवार को चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पर विरोध और न्याय की मांग का स्वर मुखर दिखाई दिया। विप्र सेना के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर डॉ. मंजू चौधरी को ज्ञापन सौंपते हुए मामले में शामिल दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा पूरे प्रकरण की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की।
विप्र सेना सुप्रीमो सुनील तिवारी के निर्देशानुसार आयोजित इस विरोध कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारी महेंद्र जोशी एवं अशोक पालीवाल के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं और समाजजनों ने भरत तिवारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर नारेबाजी भी की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि भरत तिवारी का एनकाउंटर गलत तरीके से किया गया और इसे संविधान की भावना के विपरीत बताया गया। विप्र सेना उदयपुर संभाग अध्यक्ष पीनू मेनारिया ने कहा कि बिहार राज्य के बिलौट ग्राम निवासी भरत व्यास एक सामाजिक कार्यकर्ता थे, जो सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से अपने क्षेत्र की समस्याओं को लगातार उठाते रहे। उन्होंने विशेष रूप से खराब सड़कों, बिजली व्यवस्था तथा बाढ़ एवं नदी कटाव प्रभावित लोगों के पुनर्वास जैसे मुद्दों पर प्रशासन और सरकार से जवाब मांगा था।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कथित एनकाउंटर से दो दिन पूर्व भरत तिवारी ने प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्वास और अपनी मांगों को लेकर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी थी। साथ ही यह दावा भी किया गया कि उनके खिलाफ पूर्व में किसी प्रकार का आपराधिक मामला दर्ज नहीं था और उन्होंने आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बावजूद पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए संगठन ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर हनुमान चौबीसा, पुनीत पुरोहित, अंकुश तिवारी, नितेश शर्मा, विकाश पाठक, लोकेश मेनारिया, ललित जोशी, लक्ष्मीनारायण शर्मा, राधेश्याम शर्मा, ओमप्रकाश जोशी, गोपाल मेनारिया, सुमित मिश्रा, अनिल मेनारिया, देवशरण तिवारी सहित विप्र सेना के पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
इस ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने मामले को राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष जांच के दायरे में लाने और कथित एनकाउंटर की परिस्थितियों पर जवाबदेही तय करने की मांग को प्रमुखता से उठाया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
