चित्तौड़गढ़ में युवाओं को नशामुक्ति, संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद एवं युवा संवाद का आयोजन किया गया। बुधवार को महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने नशामुक्ति से लेकर विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका तक विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत चित्तौड़गढ़ और महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम विकसित भारत युवा संसद एवं विकसित भारत युवा संवाद के संविधान दिवस संस्करण के रूप में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भारती मेहता ने युवाओं को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग भी एक प्रकार का नशा बन सकता है। युवाओं को अपनी तकनीकी दक्षता, नवाचार, रचनात्मक सोच और उद्यमशीलता का सकारात्मक उपयोग करते हुए विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने आधुनिक तकनीक और डिजिटल मंचों का सदुपयोग कर अपने कौशल एवं नेतृत्व क्षमता को विकसित करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों ने भी युवाओं को ऐसे आयोजनों में अधिकाधिक भागीदारी करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

जिला युवा अधिकारी हेमंत कुमार मथुरिया ने कार्यक्रम की पृष्ठभूमि एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि विकसित भारत युवा संसद और युवा संवाद युवाओं में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक सहभागिता, नवाचार तथा राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने की महत्वपूर्ण पहल है। युवा संसद के माध्यम से युवाओं को संवैधानिक समझ, संसदीय परंपराओं और समसामयिक सार्वजनिक मुद्दों पर तार्किक एवं प्रभावी ढंग से अपनी बात रखने का अवसर मिलता है।

विकसित भारत युवा संसद प्रतियोगिता का विषय 'नशा मुक्त युवा-विकसित भारत' रखा गया। वहीं, विकसित भारत युवा संवाद के संविधान दिवस संस्करण में युवाओं ने संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर यूथ आइकॉन चक्षु जैन, स्पोर्ट्स आइकॉन खुशी मेनारिया और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर किरण गोस्वामी ने अपने अनुभव एवं विचार साझा कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रो. महिपाल दान, डॉ. संजू बालोत, सुश्री अपेक्षा नागोरी और व्याख्याता रेणुका भट्ट ने निर्णायक एवं विषय विशेषज्ञ के रूप में सहभागिता की। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन विषय ज्ञान, विचारों की स्पष्टता, प्रस्तुतीकरण, नवाचार और तार्किक क्षमता के आधार पर किया।

प्रतियोगिता में सलोनी चुण्डावत ने प्रथम, क्रिन्जल तम्बोली ने द्वितीय और खुशनुद मनुसरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों विजेता प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद प्रतियोगिता में चित्तौड़गढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।

कार्यक्रम में संकाय सदस्य सुमन डाड, डॉ. कंचन वर्मा, नमिता वाजपेयी और एनएसएस प्रभारी भारती भवनानी उपस्थित रहे। मंच संचालन विद्या कुंवर भाटी ने किया।

इस दौरान लेखा एवं कार्यक्रम सहायक मुरारी सैनी, कार्यालय सहायक भरत बारेठ, युवा स्वयंसेवक ऋषभ चतुर्वेदी, पप्पू डांगी, कन्हैया लाल, दिनेश कुमार, नीतू सोनी, सत्यनारायण एवं विकास भील तथा मदर टेरेसा युवा मंडल की सदस्य श्वेता सामर सहित महाविद्यालय के विद्यार्थी और अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। जिला स्तरीय आयोजन के माध्यम से युवाओं को नशामुक्ति, संवैधानिक जागरूकता, लोकतांत्रिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े मुद्दों पर अपनी प्रतिभा एवं विचार प्रस्तुत करने का मंच मिला।

Piyush Mundara, Chittorgarh

Piyush Mundara, Chittorgarh

नाम: पियूष मूंदड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

अनुभव: साल 2013 से

विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग

बीट और कवरेज 

  • स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
  • क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
  • प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
  • बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।

शैक्षणिक योग्यता

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story