चित्तौड़गढ़: विजयपुर में विश्व ओजोन दिवस पर पोस्टर प्रतियोगिता और पौधारोपण
11वीं और 12वीं के छात्रों ने चित्रकला से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, वन विभाग ने विजेताओं को किया पुरस्कृत।

तस्वीर में विश्व ओजोन दिवस का बैनर थामे वन कर्मी और विद्यालय के लोग पौधारोपण करते दिखे।
विजयपुर/चित्तौड़गढ़। विश्व ओजोन दिवस 2026 के अवसर पर वन विभाग विजयपुर की ओर से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय विजयपुर में पोस्टर प्रतियोगिता एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए ओजोन परत और पर्यावरण संरक्षण विषय पर अपनी रचनात्मकता एवं विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को अल्पाहार भी वितरित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय वन अधिकारी विजयपुर भूपेन्द्र सिंह शक्तावत ने विद्यार्थियों को ओजोन परत के महत्व के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर वनपाल विजयपुर मनोहर सिंह जाट, वनरक्षक मेघनाथ, योगेश गुर्जर, नारायण सिंह तंवर, विजय सिंह चौहान एवं ओमप्रकाश बेनीवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम के उपरांत विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

