चित्तौड़गढ़ जिले में यूरिया की कालाबाजारी और जमाखोरी पर लगाम लगाने के लिए कृषि विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। जिले में उर्वरकों की निर्बाध और उचित व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कृषि अधिकारियों की टीम ने बेगूं क्षेत्र में आकस्मिक निरीक्षण किया। संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार डॉ. शंकर लाल जाट, सहायक निदेशक कृषि मुकेश कुमार धाकड़, कृषि अधिकारी गोपाल लाल धाकड़ और राहुल खटीक द्वारा की गई इस संयुक्त जांच में मैसर्स किसान एग्रो एजेंसी कल्याणपुरा (बेगूं) और श्री सांवरियाजी कृषि सेवा केंद्र जयसिंहपुरा (बेगूं) के विक्रय परिसरों को अनियमितताओं का केंद्र पाया गया।

निरीक्षण के दौरान इन प्रतिष्ठानों पर कई गंभीर खामियां सामने आईं। दोनों ही केंद्रों पर निर्धारित प्रारूप में मूल्य सूची और स्टॉक रजिस्टर उपलब्ध नहीं थे। जांच में यह भी पाया गया कि स्टॉक रजिस्टर किसी भी अधिकृत अधिकारी से प्रमाणित नहीं थे, साथ ही उर्वरकों की बिक्री का कोई विधिवत रिकॉर्ड संधारित नहीं किया गया था। सबसे गंभीर अनियमितता मौके पर मौजूद उर्वरक स्टॉक और पीओएस मशीन के रिकॉर्ड में भारी अंतर के रूप में सामने आई। इन प्रतिष्ठानों पर उर्वरक वितरण के संदर्भ में जारी विभागीय आदेशों की सरेआम अवहेलना की जा रही थी।

इन अनियमितताओं के आधार पर सहायक निदेशक कृषि ने तत्काल प्रभाव से दोनों प्रतिष्ठानों के उर्वरक अनुज्ञापत्र (लाइसेंस) निलंबन की अनुशंसा की, जिसे प्रशासनिक स्तर पर स्वीकार करते हुए दोनों विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। विभाग ने जिले के समस्त आदान विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि वे उर्वरकों की बिक्री केवल निर्धारित नियमों के अंतर्गत ही करें और प्रत्येक किसान को अनिवार्य रूप से बिल उपलब्ध कराएं। इसके अतिरिक्त, प्रतिष्ठानों पर सभी आवश्यक दस्तावेजों को नियमानुसार संधारित रखना अनिवार्य कर दिया गया है ताकि भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story