चित्तौड़गढ़ में शनिवार को नगर परिषद में आयोजित शहरी सेवा शिविर का जिले के प्रभारी सचिव एवं प्रमुख शासन सचिव, पशुपालन विभाग विकास सीताराम भाले ने निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और आमजन को दिए जा रहे लाभ की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

शिविर के दौरान प्रभारी सचिव विकास सीताराम भाले ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को आवासीय पट्टे, स्वीकृति-पत्र, चेक एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने लाभार्थियों से सीधे संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन और उनके लाभ को लेकर फीडबैक भी प्राप्त किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए।

प्रभारी सचिव ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराकर आमजन को राहत प्रदान कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को समयबद्ध और प्रभावी सेवाएं मिल सकें।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर डॉ. मंजू, मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, यूआईटी सचिव कैलाश गुर्जर, आयुक्त रविंद्र यादव, तहसीलदार विपिन चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में बड़ी संख्या में आमजन की भी उपस्थिति रही, जहां विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को उपलब्ध कराया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story