चित्तौड़गढ़ शहर में बुधवार रात को दो थाना क्षेत्रों में चोरों ने धमाल मचाते हुए अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस उप अधीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की सूचना मिली थी, जिस पर दोनों ही जगह मौका देखा है।


कोतवाली थाना क्षेत्र: हलचल गारमेंट्स और फाइनेंस कंपनी में सेंधमारी

  • कोतवाली थाना इलाके में नई पुलिया पर स्थित हलचल गारमेंट्स शोरूम में चोर घुसे।
  • शोरूम मालिक अमित जैन ने बताया कि करीब 15 हजार रुपए की नकदी के अलावा नई ड्रेसें चोरी हो गई।
  • पास में ही स्थित फाइनेंस कंपनी के ऑफिस, नाकोडा सेल्स (चॉइस फाइनेंस ऑफिस) को भी निशाना बनाने का प्रयास किया, लेकिन यहां से कुछ भी ले जाने में सफल नहीं हुए।

शोरूम मालिक अमित जैन का बयान: "गुरुवार सुबह चोरी की जानकारी मिली तो शोरूम पर जाकर देखा। यहां पता चला कि छत के रास्ते से चोर अंदर आए थे। तीन मंजिला शोरूम में चोर छत की दीवार तोड़ कर अंदर घुसा था। यहां काफी देर तक तलाशी ली। सीसी टीवी फुटेज में एक संदिग्ध दिखाई दिया है जिसके फुटेज पुलिस को उपलब्ध करवाए हैं। करीब 2 साल पहले भी चोरी की वारदात हुई थी, जिसका भी आज तक खुलासा नहीं हो पाया। पास में ही एक दुकान का काम चल रहा है, आशंका है कि इस निर्माणाधीन भवन से होते हुए चोर छत के रास्ते शोरूम में घुसे हों।"


सदर थाना क्षेत्र: नाकोडा ऑटो पार्ट्स में बड़ी चोरी

  • सदर थाना इलाके में निंबाहेड़ा मुख्य मार्ग पर स्थित ऑटो पार्ट्स की दुकान को निशाना बनाया गया।
  • शोरूम मालिक रवि वीरानी के अनुसार, यहां से 50 हजार रुपए की नकदी के अलावा पार्ट्स चोरी हुए हैं।

मालिक रवि विरानी का बयान: "निंबाहेड़ा मार्ग पर नवीन न्यायालय परिसर के सामने ही दुकान है। यहां पर पेड़ के सहारे होते हुए छत के रास्ते चोर दुकान में घुसे। यहां तलाशी लेकर दुकान से 50 हजार रुपए की नगदी और अन्य सामान चोरी हुए हैं। चार-पांच दिन पूर्व भी भीलवाड़ा बाईपास स्थित ऑटो पार्ट्स की एक दुकान पर चोरी की वारदात हुई थी उसका भी पुलिस खुलासा नहीं कर पाई।"


पुलिस कार्यवाही और जांच

चोरी की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने गारमेंट्स शोरूम का मौका मुआयना किया है और पुलिस अधीक्षक कार्यालय से एमओबी (MOB) टीम को बुलवा कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस साक्ष्य जुटा कर चोरों की तलाश में जुट गई है।

घटना की जानकारी मिलने पर अमित जैन के रिश्तेदार सुधीर जैन सहित व्यापार संघ के पदाधिकारी ने भी मौके पर पहुंच पुलिस से चोरी की वारदात का खुलासा करने का आग्रह किया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story