चित्तौड़गढ़ में एक ही रात दो जैन मंदिरों में चोरी का प्रयास, CCTV कैमरे तोड़े
कोतवाली थाना क्षेत्र के सुपार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर और तेरापंथ सभा भवन में ताले व कैमरे तोड़े गए; परिवार के जागने से चोर खाली हाथ भागे, पुलिस जांच में जुटी।

रात के समय चित्तौड़गढ़ के मंदिर परिसर में चोरी के प्रयास के दौरान दो संदिग्ध चोर जाते दिख रहे हैं।
चित्तौड़गढ़। कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में दो जैन धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर चोरी का प्रयास किया। शास्त्री नगर स्थित श्री सुपार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर और पन्नाधाय कॉलोनी स्थित तेरापंथ सभा भवन में हुई इन घटनाओं में चोरों ने मुख्य द्वार के ताले तोड़े और सीसीटीवी कैमरों को नुकसान पहुंचाया। हालांकि, एक मंदिर में सेवक परिवार के जागने और शोर मचाने से चोर वारदात को अंजाम दिए बिना भाग निकले।
पन्नाधाय कॉलोनी स्थित तेरापंथ सभा भवन के अध्यक्ष रजनिश खाब्या ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में रात 2 बजकर 7 मिनट पर मुंह बांधे एक महिला और दो पुरुष संदिग्ध दिखाई दिए। तीनों ने प्लांट के रिफ्लेक्टर फ्लैश वाली जैकेट पहन रखी थी। संदिग्धों ने सभा भवन के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखी अलमारी को खंगाला। अलमारी में कोई सामान नहीं मिलने पर वे वहां से निकल गए। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार रात 2 बजकर 27 मिनट पर तीनों संदिग्ध भवन से बाहर जाते दिखाई दिए।
गुरुवार सुबह योग करने के लिए सभा भवन पहुंचे श्रावक बंधुओं को घटना का पता चला। इसके बाद उन्होंने भवन प्रबंधन को इसकी जानकारी दी।
चोरी के प्रयास की दूसरी घटना शास्त्री नगर स्थित श्री सुपार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में हुई। मंदिर में रहने वाले सेवक प्रवेश ने बताया कि रात करीब ढाई बजे दो चोर मंदिर परिसर में पहुंचे। दोनों ने सबसे पहले मंदिर के पीछे लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ा और इसके बाद आगे लगे कैमरे को भी नुकसान पहुंचाया।
घटना के समय प्रवेश और उनके परिवार के सभी सदस्य मंदिर परिसर में ही सो रहे थे। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार मुंह पर कपड़ा बांधे दोनों चोर मंदिर के पीछे रेलवे मार्ग की ओर से बीच में बनी गैलरी के रास्ते परिसर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान पुजारी की सबसे छोटी बेटी हर्षिता को आवाज सुनाई दी। उसने तत्काल परिवार के सदस्यों को जगाया। परिवार के जागने और शोर मचने पर दोनों चोर मौके से फरार हो गए। चोर मंदिर से कोई सामान नहीं ले जा सके, लेकिन सीसीटीवी कैमरों को तोड़कर नुकसान पहुंचाया।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों धार्मिक स्थलों का मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। एक ही रात में दो जैन धार्मिक स्थलों पर चोरी के प्रयास और सुरक्षा कैमरों को निशाना बनाए जाने से मंदिरों एवं धार्मिक भवनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
