चित्तौड़गढ़। राजस्थान पुलिस का ध्येय वाक्य 'आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय' चित्तौड़गढ़ की सड़कों पर उस समय जीवंत हो उठा, जब पुलिस ने शहर के एक ठेला व्यापारी के साथ बर्बरता करने वाले बदमाशों का उसी स्थान पर जुलूस निकाला, जहाँ उन्होंने आतंक मचाया था। कानून के शिकंजे में फंसे इन बदमाशों की हेकड़ी उस वक्त निकल गई जब पुलिस उन्हें मौका तस्दीक के लिए राजीव गांधी पार्क के पास लेकर पहुंची। कभी दहशत फैलाने वाले ये चेहरे आज जनता के सामने हाथ जोड़कर अपनी गलती पर तौबा करते नजर आए।

घटनाक्रम की शुरुआत चार दिन पूर्व हुई थी, जब शहर के व्यस्ततम राजीव गांधी पार्क क्षेत्र में अपनी रोजी-रोटी कमाने वाले एक पानी-पुड़ी विक्रेता को कुछ असामाजिक तत्वों ने अपना निशाना बनाया। ये बदमाश पिछले कई दिनों से पीड़ित व्यापारी को धमकियां देकर 200-200 रुपये की हफ्ता वसूली कर रहे थे। बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि गत मंगलवार की रात उन्होंने सरेआम ठेले पर हमला बोल दिया। न केवल ठेले में जमकर तोड़फोड़ की गई, बल्कि गरीब व्यापारी का सारा सामान सड़क पर बिखेर कर उसे आर्थिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिससे स्थानीय व्यापारियों में असुरक्षा का भाव पैदा हो गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चित्तौड़गढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। प्रार्थी की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को नामजद किया और कड़ी दबिश देते हुए अब तक कुल आठ आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान उदयलाल (32) पुत्र नारायण लाल गुर्जर, घनश्याम गोस्वामी (26) पुत्र कैलाश गिरी, ईश्वर जायसवाल (25) पुत्र दीपक जायसवाल, दीपेश गमेती (23) पुत्र किशनलाल गमेती, धनराज गुर्जर (22) पुत्र नारायण गुर्जर, सुदर्शन उर्फ बजरंग (19) पुत्र राकेश वैष्णव, देवी लाल गमेती (19) पुत्र किशन लाल गमेती और यश गिरी उर्फ शानु (20) पुत्र हरिश गिरी गोस्वामी के रूप में हुई है।

शनिवार को पुलिस प्रशासन ने अपराधियों के मनोबल को तोड़ने और समाज में कड़ा संदेश देने के उद्देश्य से सभी आठों आरोपियों का उसी चौराहे पर जुलूस निकाला, जहाँ उन्होंने तोड़फोड़ की थी। मौका तस्दीक के दौरान पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच जब आरोपी गुजरे, तो उनकी चाल और तेवर पूरी तरह बदले हुए थे। जनता के बीच इन बदमाशों ने आगे से ऐसी किसी भी गुंडागर्दी या अवैध वसूली न करने की कसम खाते हुए तौबा की। वर्तमान में पुलिस इस हमले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की तलाश कर रही है और वारदात में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस की इस सख्त कार्यशैली की स्थानीय ठेला व्यापारियों और आम जनता ने मुक्त कंठ से सराहना की है, जिससे शहर में कानून का इकबाल एक बार फिर बुलंद हुआ है।

Piyush Mundara, Chittorgarh

Piyush Mundara, Chittorgarh

नाम: पियूष मूंदड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

अनुभव: साल 2013 से

विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग

बीट और कवरेज 

  • स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
  • क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
  • प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
  • बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।

शैक्षणिक योग्यता

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story