चित्तौड़गढ़ में राज्य स्तरीय अंडर-13 शतरंज चैंपियनशिप का समापन, 248 खिलाड़ियों ने दिखाया दम
चित्तौड़गढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-13 शतरंज ओपन एवं गर्ल्स चैंपियनशिप में 248 खिलाड़ियों ने भाग लिया। समापन समारोह में विजेताओं को पुरस्कार मिले और 4 खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए।

तस्वीर में चित्तौड़गढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय शतरंज अंडर-13 चैंपियनशिप के समापन समारोह के दौरान विजेता खिलाड़ियों और अतिथियों को ट्रॉफी व प्रमाण पत्र के साथ देखा जा सकता है।
चित्तौड़गढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय शतरंज अंडर-13 ओपन एवं गर्ल्स चैंपियनशिप का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम निर्णायक 3 राउंड का शुभारंभ श्रवण सिंह राव, गोविंद गदिया, अर्जुन मुंदड़ा, अशोक अजमेरा, अमन सुवालका, दीपक जैन, अंकित सोनी, श्रेयांश शिशोदिया, राकेश जेतलिया, अर्जुन बैरवा और शांतनु काबरा ने अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के रेटिंग प्राप्त खिलाड़ियों के साथ शतरंज की बिसात पर चाल चलकर किया।
राज्य स्तरीय अंडर-13 ओपन एवं गर्ल्स चैंपियनशिप का आयोजन कुल 7 राउंड में स्विस सिस्टम एवं फिडे नियमों के अनुसार किया गया, जिसमें राजस्थान के कुल 248 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन किया।
चैंपियनशिप के समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद सी.पी.जोशी, विधायक चन्द्र भान सिंह आक्या, रघु शर्मा, अनिल शिशोदिया, कैलाश भूतड़ा, निलेश बल्दवा, राजन माली, चेतन गौड़, डॉ. लीना भट्टाचार्य, गीतिका सोनी, अंकिता श्रीश्रीमाल और दामिनी शिशोदिया की उपस्थिति में पुरस्कार वितरण किया गया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को 51 हजार रुपये तक नगद पुरस्कार, ट्राफियां और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
सांसद सी.पी.जोशी ने अपने उद्बोधन में कहा कि शतरंज खेल में अनुशासन और एकाग्रता बहुत जरूरी है, इससे हम जीत हासिल कर सकते हैं। शतरंज खेलने वाला जीवन के हर क्षेत्र में सफलता पाता है।
विधायक चन्द्र भान सिंह आक्या ने कहा कि शतरंज खेल हर बच्चे को खेलना चाहिए, इससे बौद्धिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि जिला शतरंज संघ लगातार प्रतियोगिताओं का आयोजन कर प्रतिभाओं को आगे ला रहा है।
कार्यक्रम में अतिथियों ने राष्ट्रीय स्तर पर चयनित सभी खिलाड़ियों को देश और माता-पिता का नाम रोशन करने की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में चीफ आर्बिटर नीरज पटेल, रोहित लोढा, नरेंद्र जैन, महेन्द्र लख्यानी, अशोक बाथम, कमल सैनी, कुशल, सिद्धार्थ और रचित का सहयोग रहा।
राज्य स्तरीय अंडर-13 ओपन एवं गर्ल्स चैंपियनशिप में श्रेष्ठ चयनित 4 प्रतिभागी पांडीचरी में आगामी 3 से 9 सितम्बर तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
