नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक ने हिस्ट्रीशीटरों पर कड़ी कार्रवाई, तस्करों की अवैध संपत्ति फ्रीज करने और अवैध खनन पर पूर्ण रोक लगाने के लिए पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया।

जिले के नव पदस्थापित पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों, जिनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्त अधिकारी एवं थाना अधिकारी शामिल रहे, की उपस्थिति में अपनी पहली अपराध गोष्ठी आयोजित की। इस उच्च स्तरीय बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी मौजूद अधिकारियों का व्यक्तिगत परिचय प्राप्त किया और जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तृत व गहन समीक्षा की।

बैठक में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने स्पष्ट और कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा कि जिले में आदतन अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, स्थाई वारंटियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अत्यंत प्रभावी व सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दोकली नीति को खारिज करते हुए कहा कि अपराधियों में कानून का भय स्थापित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विशेष रणनीति का खुलासा करते हुए एसपी सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मादक पदार्थ तस्करी, अवैध हथियार, संगठित अपराध एवं अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त अपराधियों द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्तियों का त्वरित चिन्हीकरण किया जाए। उन्होंने इन संपत्तियों को नियमानुसार फ्रीज एवं जब्त करने की कठोर कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए रेखांकित किया कि अपराध से अर्जित संपत्ति पर प्रहार करना अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

इसके साथ ही, पुलिस अधीक्षक ने जिले में पैर पसार रही अवैध खनन की गतिविधियों पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित थाना अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने तथा अवैध खनन के काले कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के कड़े निर्देश दिए।

गोष्ठी के दौरान पुलिस महकमे को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, महिला एवं बाल अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने, साइबर अपराधों की रोकथाम, प्रभावी गश्त व्यवस्था सुनिश्चित करने, वांछित अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी तथा आमजन की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। एएसपी सिंह ने अंत में दोहराया कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना तथा अपराधियों में कानून का भय स्थापित करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं अधीनस्थ कर्मचारियों से पूर्ण टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में शांति, कानून व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने का पुरजोर आह्वान किया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story