चित्तौड़गढ़। पूज्य सिंधी पंचायत विकास समिति व झुलेलाल युवा सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में सिंधी कॉलोनी प्रताप नगर स्थित भगवान झुलेलाल मंदिर में सिंधी समाज का चालिया पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। चालिया पर्व के तहत झुलेलाल मंदिर में आकर्षक झांकी सजाई गई है।

योगेश भोजवानी ने बताया कि चालिया पर्व के दौरान भगवान झुलेश्वर महादेव को जगन्नाथ शिव स्वरूप में सजाया गया। सिंधी समाज का सबसे बड़ा पर्व चालिया 40 दिवस तक चलता है, जिसका आरम्भ 16 जुलाई से हुआ है और यह 24 अगस्त तक चलेगा।

प्राचीन मान्यता के अनुसार इन दिनों में सिंधी समाज के आराध्य भगवान झूलेलाल वरूण देव के अवतार के रूप में अवतरित हुए थे तथा उन्होंने अपने भक्तों के कष्ट दूर किए थे। चालिया पर्व के दौरान चालीस दिवस तक प्रतिदिन सायंकाल झुलेलाल मंदिर में भगवान का विशेष श्रृंगार किया जाता है। इसके साथ ही समाज की महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन और पल्लव का आयोजन किया जाता है।

जैकी आहूजा ने बताया कि झुलेलाल मंदिर में समाज के 18 साल तक के बच्चों की रंग भरो प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें समाज के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का संचालन कमल चंचलानी ने किया। इस अवसर पर पू किशोर खटवानी, मनोज देवानी, जीतू वासवानी, ध्रुव आहूजा, सुशीला नेभनानी, भारती खत्री सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story