चित्तौड़गढ़ रामद्वारा में चातुर्मासिक सत्संग के तहत आयोजित महाशिव पुराण कथा में पार्वती खण्ड प्रसंग का वाचन करते हुए संत दिग्विजय राम महाराज ने कहा कि भाग्य से ज्यादा और समय से पहले इंसान को कुछ भी नहीं मिलता। भाग्य और कर्म एक ही गाड़ी के दो पहिए हैं और इन्हीं से जीवन की गाड़ी चलायमान रहती है।

संत दिग्विजय राम महाराज ने कहा कि शास्त्रों में भाग्य और कर्म पर जोर दिया गया है। होता वही है, जो प्रभु श्रीराम चाहते हैं। भाग्य के साथ कर्म की प्रधानता भी बताई गई है। हर जीव प्रारब्धता लेकर आता है। संसार में भाग्य फलता है और जो कुछ भी संसार में होता है, वह प्रभु की माया है।


कथा में उन्होंने सती के हिमालय के घर जन्म लेने को भी प्रभु की माया बताया। सती के वियोग में दुखी होकर भगवान शिव तपस्या में लीन हो गए। इधर, सती ने हिमालय के घर माता पार्वती के रूप में जन्म लेने के बाद आठ साल की आयु में ही जंगल में जाकर महादेव को पति के रूप में पाने के लिए तपस्या शुरू कर दी।

संत ने कथा प्रसंग में बताया कि भगवान महादेव समाधि से उठे तो उनके पसीने से चार भुजाओं वाले बालक का आभिर्भाव हुआ, जिसका पालन-पोषण माता पृथ्वी ने किया। उस बालक का नाम धरती पुत्र भौम रखा जाता है। भौम ने काशी में भगवान शिव की आराधना की।

शिव पुराण के प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि ताड़कासुर ने सैंकड़ों साल तक बहुत कठिन तपस्या की। उसकी तपस्या के प्रभाव से पृथ्वी भी डगमगा गई। ताड़कासुर ने ब्रह्मा से वरदान मांगा कि तीनों लोक में उसके समान कोई बलवान नहीं हो और उसकी मृत्यु सिर्फ महादेव के अंश से जन्मे पुत्र के अलावा किसी से भी नहीं हो।

ब्रह्मा से वरदान मिलने के बाद ताड़कासुर से परेशान होकर देवता स्वर्ग लोक छोड़कर ताड़कासुर के वध की कामना को लेकर ब्रह्मा के पास गए। इधर, इन्द्र के कहने पर भगवान शिव को विवाह के लिए राजी करने को कामदेव कैलाश पर्वत पर गए। उन्होंने भगवान शिव की समाधि तोड़ने के लिए बसंत जैसा वातावरण पैदा कर दिया। क्रोधित होकर भगवान शिव ने तीसरा नेत्र खोल दिया, जिससे कामदेव भस्म हो गए।

कथा के इन प्रसंगों के माध्यम से संत दिग्विजय राम महाराज ने भाग्य, कर्म, प्रारब्ध और प्रभु की माया के साथ भगवान शिव और पार्वती से जुड़े प्रसंगों का वर्णन किया।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

नाम: प्रदीप वैष्णव

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील

अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)

परिचय 

प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।

बीट और विशेषज्ञता 

  • स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
  • क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
  • शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)

Next Story