चित्तौड़गढ़ में सेवा शिविरों से त्वरित समाधान, ग्रामीणों को पट्टा व योजनाओं का लाभ
विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित ग्रामीण और शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से पट्टा वितरण, भूमि बंटवारा और तारबंदी योजना जैसी जनकल्याणकारी पहलों का मौके पर निस्तारण किया गया।

चित्तौड़गढ़ जिले में आयोजित सेवा शिविर के दौरान काउंटर पर उपस्थित चिकित्सा कर्मियों और आवेदकों से संवाद कर व्यवस्थाओं का जायजा लेतीं जिला कलेक्टर डॉ. मंजू।
चित्तौड़गढ़ जिले में राज्य सरकार की पहल के तहत आयोजित ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों ने आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं का मौके पर समाधान कर राहत पहुंचाई है। इन शिविरों का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचाना है, जिसके तहत जिलेभर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में निरंतर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
चित्तौड़गढ़ उपखंड की ग्राम पंचायत ऐराल, गंगरार की रघुनाथपुरा, कपासन की उमण्ड, भूपालसागर की अनूपपुरा, राशमी की लसाड़ियांकलां, बेगूं की राजगढ़ एवं गोपालपुरा, रावतभाटा की टोलो का लुहारिया, निम्बाहेड़ा की नरसिंहगढ़ एवं डलां किशनपुरा, भदेसर की खोडिप एवं आक्या, बड़ीसादड़ी की बरखेड़ा तथा डूंगला की पालोद सहित कई ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों को राहत मिली।
ऐराल ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर के दौरान सोहनलाल भील को पुश्तैनी आवासीय पट्टा प्रदान किया गया, जिसे जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने सौंपा। पट्टा मिलने के बाद सोहनलाल ने इसे अपने लिए वैध आवासीय स्वामित्व की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। इसी तरह बेगूं क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोपालपुरा में जीतूलाल पुत्र मांगीलाल और समता कंवर पत्नी प्रजापाल सिंह के बीच भूमि का आपसी सहमति से बंटवारा करवाया गया, जिसे दोनों पक्षों ने प्रशासनिक प्रक्रिया की सराहना के साथ स्वीकार किया।
भूपालसागर की ग्राम पंचायत अनूपपुरा में छगनलाल जाट को आवासीय पट्टा प्रदान किया गया, जिससे उनके आवासीय अधिकार सुनिश्चित हुए। वहीं भदेसर की ग्राम पंचायत खोडिप में पप्पूलाल को फसल सुरक्षा हेतु तारबंदी योजना का लाभ मिला, जिसके तहत उन्होंने 300 मीटर तारबंदी कर 30 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त किया। इससे उनकी फसलें आवारा पशुओं और नीलगायों से सुरक्षित हो सकेंगी।
प्रशासन द्वारा आगामी 15 जून को भी जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें घटियावली, खारखंदा, उचनार खुर्द, जाषमा, नेवरियां, ईटावा, काटुंदा, जावदा, ढोरिया, बांसी, अरनेड और किशनकरेरी शामिल हैं। इसी दिन शहरी सेवा शिविर नगर परिषद चित्तौड़गढ़ के वार्ड संख्या 5 से 8 सहित निम्बाहेड़ा, बड़ीसादड़ी, रावतभाटा, बेगूं और आकोला के विभिन्न वार्डों में प्रातः 9:30 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन द्वारा त्वरित समाधान की दिशा में उठाए जा रहे कदम ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
