चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प रथ कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ गुरुवार को कपासन विधानसभा क्षेत्र के मातृकुंडिया स्थित बैरवा समाज के संत रविदास मंदिर से विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक अर्जुनलाल जीनगर रहे, जबकि अध्यक्षता अभियान के लोकसभा संयोजक पिंकेश पोरवाल ने की।

कार्यक्रम में अभियान के जिला संयोजक कैलाश मंत्री, रघु शर्मा, गोवर्धन जाट, सुरेश जाट, नारायणलाल अहीर, सुशीला जीनगर, रतनलाल अहीर तथा सोहनलाल खटीक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने कहा कि संत रविदास सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के प्रतीक थे। उन्होंने समाज के वंचित, उपेक्षित एवं अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सम्मान, आत्मविश्वास और जीवन का उद्देश्य प्रदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के प्रमुख संत छोगा महाराज, नारायणदास, रतनदास, दलीचंद, मिठुलाल एवं देवीलाल की पावन उपस्थिति में कलश का विधिवत पूजन-अर्चन कर किया गया। इसके पश्चात समरसता संकल्प रथ कलश वंदन यात्रा को विधिवत रवाना किया गया।

यात्रा के शुभारंभ अवसर पर ब्रजलता कुमारी, सतु सुखवाल, रतन जीनगर, पप्पु जटिया सहित भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समाजजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। संत रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित यह यात्रा सामाजिक समरसता और जनसहभागिता के संदेश के साथ चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र में प्रारंभ हुई।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story