सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ की इंटर हाउस एक्वेटिक चैंपियनशिप सम्पन्न, बादल हाउस बना विजेता
सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में आयोजित इंटर हाउस एक्वेटिक चैंपियनशिप में 11 सदनों के कैडेट्स ने तैराकी स्पर्धाओं में दमखम दिखाया। बादल हाउस विजेता और हमीर हाउस उपविजेता बना। जानिए किन कैडेट्स ने विभिन्न वर्गों में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

तस्वीर में चित्तौड़गढ़ स्थित सैनिक स्कूल के मुख्य अतिथि प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया विजेता हाउस को ट्रॉफी प्रदान करते हुए नजर आ रहे हैं।
चित्तौड़गढ़ स्थित सैनिक स्कूल में आयोजित इंटर हाउस एक्वेटिक चैंपियनशिप का समापन उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल के बीच हुआ। प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया रहे। इस अवसर पर उप प्राचार्या लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
जनसम्पर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि चैंपियनशिप में विद्यालय के सभी 11 सदनों के कक्षा छठवीं से ग्यारहवीं तक के कैडेट्स ने भाग लेकर अपनी तैराकी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को ग्रुप ए सीनियर्स, ग्रुप बी जूनियर्स, ग्रुप सी सब-जूनियर्स तथा ग्रुप डी और ग्रुप ई गर्ल्स श्रेणियों में विभाजित किया गया। प्रतियोगिता के दौरान 25 मीटर फ्रीस्टाइल, 50 मीटर फ्रीस्टाइल तथा 50 मीटर फ्रीस्टाइल रिले सहित विभिन्न तैराकी स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। सभी सदनों के कैडेट्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खेल भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में बादल हाउस ने सर्वाधिक अंक अर्जित कर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया, जबकि हमीर हाउस उपविजेता रहा।
ग्रुप ए सीनियर्स वर्ग की 25 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में कैडेट गजेन्द्र ने स्वर्ण पदक, दिव्यांश ने रजत पदक तथा धैर्य ने कांस्य पदक जीता। ग्रुप बी जूनियर्स वर्ग की 25 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में राकेश ने स्वर्ण पदक, रोहित मीना ने रजत पदक तथा योहांश ने कांस्य पदक अपने नाम किया। ग्रुप सी सब-जूनियर्स वर्ग की 25 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में मयंक राठौड़ ने स्वर्ण पदक, कुनाल चौहान ने रजत पदक तथा पिंकेश ने कांस्य पदक हासिल किया। ग्रुप डी गर्ल्स वर्ग की 25 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में दीपिका ने स्वर्ण पदक, असावरी ने रजत पदक तथा वागीशा चौधरी ने कांस्य पदक जीता।
ग्रुप ए सीनियर्स वर्ग की 50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में विपुल शर्मा ने स्वर्ण पदक, भव्य बिष्ट ने रजत पदक तथा अर्नव ने कांस्य पदक प्राप्त किया। ग्रुप बी जूनियर्स वर्ग की 50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में पृथ्वी ने स्वर्ण पदक, अधिराज राकेश चाहर ने रजत पदक तथा सोमिल कसना ने कांस्य पदक जीता। वहीं ग्रुप डी गर्ल्स वर्ग की 50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में नंदिनी ने स्वर्ण पदक तथा नव्या पावड़िया ने रजत पदक हासिल किया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया ने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं छात्रों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शक्ति, धैर्य, टीम वर्क और समर्पण का भी प्रतीक है। उन्होंने कैडेट्स द्वारा प्रदर्शित अनुशासन, दृढ़ संकल्प और टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि पानी में तैरना केवल एक खेल नहीं, बल्कि साहस, सहनशक्ति और संतुलन की परीक्षा है तथा ये सभी गुण एक सैनिक के मूल स्वभाव का हिस्सा होते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए खेलों में भागीदारी के महत्व पर भी जोर दिया।
प्रतियोगिता की संयोजक पूजा सिसोदिया एवं सीएचएम मुनबुल नरजरी तथा हवलदार नवीन कुमार रहे। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने विजेता हाउस को ट्रॉफी प्रदान कर चैंपियनशिप का समापन किया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
