चित्तौड़गढ़ स्थित सैनिक स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता बुधवार को संपन्न हुई। प्रतियोगिता में कैडेट्स ने एथलेटिक्स, जिम्नास्टिक और विभिन्न शारीरिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन पर बादल हाउस ने 232 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम की।

स्कूल प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी. श्रीकुमार के निर्देशन में प्रतियोगिता आयोजित की गई। समापन समारोह में स्कूल की उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। प्रतियोगिता के संयोजक ज्ञानेश्वर सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

तीन दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना एवं शारीरिक दक्षता को प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास ही नहीं, बल्कि मानसिक और नैतिक विकास का भी प्रमुख साधन है। एथलेटिक्स जैसी प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेने से अनुशासन और टीम भावना का विकास होता है। साथ ही, विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित होती है।

उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, समय प्रबंधन और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा देते हैं। इस प्रकार के आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ ही उनके भविष्य के लिए मजबूत नींव तैयार करते हैं।

बाबूलाल शिवरान ने बताया कि प्रतियोगिता में बादल हाउस ने 232 अंकों के साथ प्रथम, कुम्भा हाउस ने 211 अंकों के साथ द्वितीय और लव हाउस ने 203 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। सर्वश्रेष्ठ एथलीट के लिए ग्रुप ए सीनियर वर्ग में मंजीत एवं अनोखी मोची, ग्रुप बी जूनियर वर्ग में प्रिंस कुमार एवं अक्षिता तथा ग्रुप सी वर्ग में प्रांजल एवं खुशी का चयन हुआ।

प्रतियोगिता के दौरान कैडेट्स ने एकसाथ तालमेल और अनुशासन के साथ विभिन्न शारीरिक व्यायामों का प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में उनके शारीरिक स्वास्थ्य और सामूहिक अनुशासन की झलक देखने को मिली। जिम्नास्टिक स्पर्धा में कैडेट्स ने बैलेंस बीम, फ्लोर एक्सरसाइज और वॉल्टिंग सहित विभिन्न करतबों में अपने कौशल का परिचय दिया।

शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक कर्मचारियों के लिए आयोजित 100 मीटर दौड़ में 40 वर्ष से कम आयु वर्ग में हवलदार संदीप कुमार प्रथम, नारायण द्वितीय तथा मेजर सी. श्रीकुमार एवं हवलदार सुरेश कुमार तृतीय स्थान पर रहे। वहीं, 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में डॉ. विजय कुमार द्विवेदी ने प्रथम, मनोज कुमार सिंह ने द्वितीय और सूबेदार कुलदीप सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

महिलाओं के लिए आयोजित मेडिसिन बॉल थ्रो स्पर्धा में मनीषा प्रथम, दिव्या राव द्वितीय एवं किर्तिबाला तृतीय स्थान पर रहीं। सामान्य कर्मचारियों की 45 वर्ष से कम आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में दीपक राठौड़ ने प्रथम, कृष्णपाल चुण्डावत ने द्वितीय और कानदान ने तृतीय स्थान हासिल किया। सामान्य कर्मचारियों के 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सतीश तिवारी़ प्रथम, गोविन्द सोनी द्वितीय एवं रतन लाल गुर्जर तृतीय स्थान पर रहे।

प्रतियोगिता में पीटीआई की जिम्मेदारी सीएचएम मुनबुल नरजरी ने निभाई। हिंदी अध्यापक बिजेंद्र कुमार सिंह एवं अंग्रेजी अध्यापिका दिव्या राव ने उद्घोषक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के संयोजक ज्ञानेश्वर सिंह एवं डॉ. विजय कुमार द्विवेदी थे।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल ने विजेता बादल हाउस को ट्रॉफी प्रदान की और टीम को बधाई दी। प्रतियोगिता के माध्यम से कैडेट्स एवं कर्मचारियों को विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला, जबकि अनुशासन, टीम भावना और शारीरिक दक्षता को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर रहा।

Piyush Mundara, Chittorgarh

Piyush Mundara, Chittorgarh

नाम: पियूष मूंदड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

अनुभव: साल 2013 से

विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग

बीट और कवरेज 

  • स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
  • क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
  • प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
  • बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।

शैक्षणिक योग्यता

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story