चित्तौड़गढ़ में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक बुधवार को जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में जिला कलक्ट्रेट के समिति कक्ष में आयोजित हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई पर विशेष जोर दिया।

बैठक में पिछली बैठक की अनुपालना की समीक्षा की गई। इसके साथ ही अत्यधिक दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान तथा उनमें आवश्यक सुधार कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया। शहरी आबादी क्षेत्र में भारी वाहनों के आवागमन, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने तथा सड़क सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिला कलक्टर ने पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों की पालना सुनिश्चित कराने के लिए की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध की गई कार्रवाई तथा थानावार सड़क दुर्घटना रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए पुलिस विभाग को विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

बैठक में राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों की सड़क सीमा में किए गए अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव ने कहा कि राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए आवश्यकता अनुसार पुलिस जाब्ता उपलब्ध कराया जाएगा। जिला कलक्टर ने एनएचएआई, सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं संबंधित विभागों को हाईवे पर दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित स्थानों पर आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। साथ ही हाईवे किनारे स्थित ढाबों पर सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग रोकने, आवश्यक स्थानों पर हाईमास्ट लाइट एवं साइनएज लगाने तथा विद्यालयों के समीप सड़क सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी को बाल वाहिनियों की नियमित फिटनेस जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर उपचार उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए संचालित प्रधानमंत्री राहत योजना एवं राहवीर योजना के तहत जानकारी देते हुए बताया कि इसके अंतर्गत पात्र व्यक्तियों को नियमानुसार सहायता एवं प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए घायल एवं मृतकों के परिजनों को नियमानुसार क्लेम दिलाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

बैठक में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई, ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में वाहनों को रोकने पर प्रतिबंध, ट्रैफिक मॉनिटरिंग, हाईवे पेट्रोलिंग तथा रियल टाइम ई-चालान व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव ने बताया कि जिले में बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि बिना नंबर प्लेट वाला वाहन दिखाई देने पर तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दें, ताकि शीघ्र कार्रवाई की जा सके। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश धाकड़, अतिरिक्त जिला कलक्टर रामचंद्र खटीक, जिला परिवहन अधिकारी दयाशंकर गुप्ता, एक्सईएन पवन सेठिया, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, एनएचएआई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

इसी दिन संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभाग के सभी जिला कलक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों की बैठक लेकर सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक उपायों पर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। संभागीय आयुक्त ने सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य समयबद्ध रूप से कराने, यातायात नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमित मॉनिटरिंग एवं प्रभावी कार्रवाई पर भी जोर दिया।

जिला मुख्यालय पर डीओआईटी के जनसुनवाई कक्ष से आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में जिला कलक्टर डॉ. मंजू, अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश धाकड़, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता पवन सेठिया, जिला परिवहन अधिकारी, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों की प्रगति तथा भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई, जिसमें सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वित कार्रवाई को प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story