45.08 करोड़ से बदलेगी चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन की तस्वीर, 50 साल की जरूरतों वाला मास्टर प्लान तैयार
चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन के 45.08 करोड़ रुपये के पुनर्विकास मास्टर प्लान पर समीक्षा हुई। आधुनिक भवन, छह लिफ्ट और पिटलाइन प्रस्ताव से रेल विकास को मिलेगी नई गति।

तस्वीर में (बाएं से दाएं) अधिकारी और जनप्रतिनिधि बैठकर टेबल पर रखे स्टेशन के मास्टर प्लान के नक्शे का अवलोकन कर रहे हैं, जिसमें सांसद सी.पी. जोशी और विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या भी समीक्षा करते हुए नजर आ रहे हैं।
चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन के व्यापक पुनर्विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए सांसद सी.पी. जोशी ने शुक्रवार को विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचकर पश्चिम रेलवे द्वारा गति शक्ति अभियान के तहत प्रस्तावित पुनर्विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान रेलवे अधिकारियों के साथ मास्टर प्लान पर चर्चा करते हुए सांसद ने यात्रियों की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
करीब 45.08 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई पुनर्विकास योजना आगामी 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर बनाई गई है। यह योजना स्वीकृति के लिए रेलवे बोर्ड को भेजी गई है। जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन का मास्टर प्लान, बिल्डिंग प्लान, फ्लोर प्लान और सर्कुलेशन प्लान तैयार कर अंतिम स्वीकृति के लिए मुख्यालय मुंबई भेजा जाएगा।
योजना के तहत पुरानी आरएमएस बिल्डिंग से वर्तमान बुकिंग हॉल और आरक्षण कार्यालय तक के क्षेत्र में पुराने ढांचों को हटाकर आधुनिक तीन मंजिला स्टेशन भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही पश्चिमी द्वार तक छह मीटर चौड़ा आधुनिक फुट ओवर ब्रिज बनाया जाएगा। मीरा गेट की ओर प्रवेश मार्ग का भी चौड़ीकरण होगा। रेलवे के पुराने क्वार्टर, यूनियन कार्यालय, जीपीएफ कार्यालय और आरक्षण कार्यालय का पुनर्स्थापन किया जाएगा। सभी प्लेटफॉर्मों तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए छह लिफ्ट लगाई जाएंगी। पूरा कार्य सुगम भारत अभियान के अनुरूप किया जाएगा, जिससे दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक और अन्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
समीक्षा के दौरान सांसद सी.पी. जोशी ने रेलवे मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन पर पिटलाइन निर्माण का प्रस्ताव भी भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिटलाइन बनने से ट्रेनों की वॉशिंग और नियमित मेंटेनेंस की सुविधा यहीं उपलब्ध होगी। इससे चित्तौड़गढ़ से नई ट्रेनों के संचालन और टर्मिनेशन का मार्ग प्रशस्त होगा। वर्तमान में चार ट्रेनें चित्तौड़गढ़ से प्रारंभ और समाप्त होती हैं, जबकि पिटलाइन बनने के बाद अनेक नई ट्रेनों के संचालन की संभावनाएं बढ़ेंगी, जिसका लाभ पूरे मेवाड़ क्षेत्र के यात्रियों को मिलेगा।
इस अवसर पर सांसद सी.पी. जोशी ने कहा कि चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास केवल भवन निर्माण की परियोजना नहीं, बल्कि भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप एक आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं से युक्त परिवहन केंद्र विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही विश्वास जताया कि परियोजना पूर्ण होने के बाद रेलवे स्टेशन न केवल यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, बल्कि मेवाड़ क्षेत्र के रेल विकास को भी नई गति देगा।
इस दौरान रघु शर्मा, मनोज पारीक, ओमप्रकाश शर्मा, शैलेन्द्र झंवर, मंडल रेल प्रबंधक अश्विनी कुमार, डिप्टी चीफ इंजीनियर गतिशक्ति अभियान रतलाम एसके त्यागी, सीनियर सेक्शन इंजीनियर सतीश भलमे, स्टेशन मैनेजर सीएल मीणा, टीआई रेलवे नरेश गुर्जर, एरिया मैनेजर रामेश्वर प्रसाद और सीएमआई संजय पासी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
