चित्तौड़गढ़ में बिजली कटौती से नाराज लोग आरएसीबी कार्यालय पहुंचे
भीषण गर्मी के बीच करीब ढाई घंटे तक बिजली गुल रहने से नाराज उपभोक्ताओं ने देर रात कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया, एक्सईएन ने ट्रांसफार्मर में आग को बताया कारण।

चित्तौड़गढ़ के प्रताप नगर स्थित आरएसीबी कार्यालय परिसर के भीतर शुक्रवार देर रात लगातार हो रही बिजली कटौती की शिकायत दर्ज कराने पहुंचे स्थानीय नागरिक।
चित्तौड़गढ़ के प्रताप नगर क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान नागरिकों का गुस्सा शुक्रवार देर रात फूट पड़ा। क्षेत्रवासियों ने आरएसीबी कार्यालय पर पहुंचकर विभाग के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया और कार्यालय पर ताला लगाने तक की चेतावनी दे डाली।
जानकारी के अनुसार कुंभा नगर, प्रताप नगर, सब्जी मंडी, हाउसिंग बोर्ड सहित आसपास की कॉलोनियों के बड़ी संख्या में लोग रात करीब 11 बजे नेहरू पार्क के सामने स्थित आरएसीबी कार्यालय पहुंचे। स्थानीय लोगों का आरोप था कि क्षेत्र में आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे कभी 30 मिनट तो कभी एक घंटे तक बिजली गुल हो जाती है। लोगों ने यह भी कहा कि शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है और विभागीय अधिकारी-कर्मचारी फोन तक नहीं उठाते।
शुक्रवार रात भी क्षेत्र में करीब ढाई घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लंबे समय तक बिजली गुल रहने से आक्रोशित लोग सीधे कार्यालय पहुंच गए और जोरदार विरोध दर्ज कराया।
इस मामले पर आरएसीबी के एक्सईएन विमल सिंह ने बताया कि डाइट रोड स्थित एक डीपी के नीचे कचरा जलाने के कारण ट्रांसफार्मर में आग लग गई थी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया और डीपी की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया, जिसमें समय लगना स्वाभाविक है।
उन्होंने यह भी बताया कि गर्मी के मौसम में बिजली की मांग अत्यधिक बढ़ गई है। कई उपभोक्ताओं ने अपने घरों में अतिरिक्त एयर कंडीशनर लगाए हैं, लेकिन लोड बढ़वाया नहीं है, जिसके चलते सिंगल फेस कनेक्शन पर दबाव बढ़ने से डीपी के फ्यूज उड़ जाते हैं और तकनीकी खराबियां उत्पन्न होती हैं। विभाग के अनुसार खराबी की सूचना पर टीम को मौके पर पहुंचने में 15 से 20 मिनट लगते हैं, जबकि मरम्मत कार्य में अतिरिक्त समय लगता है।
स्थिति सामान्य होने और बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और सभी क्षेत्रवासी अपने-अपने घर लौट गए।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
