चित्तौड़गढ़ प्रधान चुनाव: भाजपा के भंवर सिंह जीते, भदेसर में मांगीबाई
आरएलपी की शंकरी भील के एक वोट ने 14-14 की बराबरी तोड़ी और भाजपा को बहुमत दिलाया, जबकि भदेसर में पूर्ण बहुमत के आधार पर पार्टी ने जीत दर्ज की।

चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति प्रधान चुनाव में भाजपा प्रत्याशी भंवर सिंह ने शंकरी भील के वोट से जीत दर्ज की।
चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिले की सबसे महत्वपूर्ण और हॉट सीट मानी जाने वाली चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति के प्रधान पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज कर अपना बोर्ड बना लिया। स्थानीय विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की रणनीति सफल रही और भाजपा प्रत्याशी भंवर सिंह प्रधान निर्वाचित हुए। चुनाव में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) की सदस्य शंकरी भील का एक वोट निर्णायक साबित हुआ। उन्होंने भाजपा के पक्ष में मतदान कर किंग मेकर की भूमिका निभाई। वहीं, विधायक आक्या के नेतृत्व में भाजपा ने भदेसर पंचायत समिति में भी प्रधान पद पर कब्जा जमाया।
चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति के कुल 29 सदस्यों में भाजपा और कांग्रेस के पास 14-14 सदस्य थे। दोनों दलों के बीच बराबरी की स्थिति होने के कारण बहुमत का आंकड़ा हासिल करने के लिए आरएलपी सदस्य शंकरी भील का वोट सबसे अहम हो गया था। करीब एक सप्ताह पहले शंकरी बाई एक अन्य खेमे की बाड़ेबंदी में थीं। इसी दौरान विधायक चंद्रभान सिंह आक्या उन्हें अपने खेमे यानी भाजपा की बाड़ेबंदी में ले आए। इसके बाद आरएलपी कार्यकर्ताओं ने शंकरी बाई को वापस पार्टी को सौंपने की मांग को लेकर हंगामा किया और विधायक आक्या का विरोध जताया। कांग्रेस ने भी दबे स्वर में इस रणनीति पर आपत्ति जताई, लेकिन इन घटनाक्रमों का चुनाव परिणाम पर कोई असर नहीं पड़ा।
शुक्रवार को मतदान के दिन विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के नेतृत्व में भाजपा के 14 सदस्य और आरएलपी की शंकरी बाई सहित कुल 15 सदस्यों को वैन से कड़ी सुरक्षा के बीच कलेक्ट्रेट परिसर लाया गया। यहां प्रधान पद के प्रत्याशी भंवर सिंह स्वयं शंकरी बाई का हाथ थामकर जिला परिषद सभागार पहुंचे। इसके बाद सभी 15 सदस्यों ने उनके पक्ष में मतदान किया। इस दौरान विधायक आक्या की टीम के प्रवीण सिंह राठौड़, ओम शर्मा, गिरीश दीक्षित, रवि विराणी सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चुनाव के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने कलेक्ट्रेट परिसर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में पूरे परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस उपाधीक्षक ब्रजेश सिंह, दिनेश सुखवाल, रविंद्र प्रताप सिंह तथा थानाधिकारी प्रेम सिंह और रजनीश सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा।
पिछले एक सप्ताह से शंकरी बाई भील को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाओं का बाजार गर्म था। आरएलपी कार्यकर्ताओं ने इस मामले में जमकर हंगामा किया। वहीं, शंकरी बाई के पुत्र बबलू ने भी उन्हें कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने के लिए मनाने का प्रयास किया। शुक्रवार को वह पुलिस सुरक्षा में सेंध लगाकर मतदान स्थल जिला परिषद सभागार के नीचे पहुंच गया। मां शंकरी के वहां पहुंचने पर बबलू ने उनका हाथ पकड़कर कांग्रेस के पक्ष में वोट डालने का दबाव बनाया, लेकिन शंकरी बाई भाजपा के पक्ष में मतदान करने का मन बना चुकी थीं। उन्होंने अपने बेटे की बात भी अनसुनी कर दी और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया।
मतदान के बाद आरएलपी की शंकरी बाई भील और भाजपा के अन्य 13 सदस्य फिर से वोल्वो बस में सवार होकर रवाना हुए। इस दौरान विधायक चंद्रभान सिंह आक्या भी उनके साथ मौजूद रहे। सभी सदस्य कलेक्ट्रेट परिसर से एक साथ रवाना हुए। दूसरी ओर, भंवर सिंह खरडीबावड़ी के प्रधान पद की शपथ लेने के बाद कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने उन्हें कंधों पर उठाकर जीत की बधाई दी। परिणाम घोषित होने से पहले ही कलेक्ट्रेट चौराहे पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पहुंच गए थे। उन्होंने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया। नवनिर्वाचित प्रधान भंवर सिंह सभी का अभिवादन करते हुए चौपहिया वाहन में सवार होकर दोबारा बाड़ेबंदी के लिए रवाना हो गए।
जीत की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कलेक्ट्रेट चौराहे पर जमकर आतिशबाजी कर जश्न मनाया गया। नवनिर्वाचित प्रधान भंवर सिंह ने अपनी जीत का सबसे बड़ा श्रेय विधायक चंद्रभान सिंह आक्या को दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, सांसद सी.पी. जोशी, जिले की कार्यकारिणी, सभी मंडलों, बूथ और शक्ति केंद्रों के कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय मतदाताओं का आभार जताया। उन्होंने इसे भाजपा बोर्ड की हैट्रिक बताया।
भंवर सिंह ने शंकरी बाई को अपनी बुआ बताते हुए कहा कि जिस तरह महाराणा प्रताप के समय राणा पूंजा और भील समाज ने साथ दिया था, उसी तरह आज शंकरी बाई ने उनके साथ खड़े रहकर चित्तौड़ की आन, बान, शान और स्वाभिमान को बचाया है। उन्होंने कहा कि मेवाड़ में सभी समाज भील समाज का सम्मान करते हैं और वे हमेशा उनका सम्मान बनाए रखेंगे। प्रधान पद को कांटों का ताज बताते हुए उन्होंने कहा कि वे गरीब को गणेश मानकर सेवा करेंगे। गांव-गांव जाकर आवास, पेयजल और नालियों जैसी बुनियादी समस्याओं का समाधान करना तथा पात्र गरीबों को सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
चित्तौड़गढ़ के साथ भदेसर पंचायत समिति में भी भाजपा ने प्रधान पद पर जीत दर्ज की। दोनों पंचायत समितियों में भाजपा का प्रधान बनाने के लिए विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने पूरी ताकत लगाई। दोनों जगह पार्टी की जीत के बाद उनकी रणनीतिक भूमिका एक बार फिर अहम साबित हुई। भदेसर में भाजपा ने मांगीबाई भील को प्रत्याशी बनाया था। पंचायत समिति की कुल 19 सीटों में से भाजपा के पास 12 और कांग्रेस के पास 7 सदस्य थे। भाजपा को पहले से ही पूर्ण बहुमत हासिल था, इसलिए पार्टी का प्रधान बनना तय माना जा रहा था।
पंचायत समिति भदेसर में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित प्रधान पद पर भाजपा की मांगीबाई और कांग्रेस के हरलाल के बीच मुकाबला हुआ। शुक्रवार को हुए मतदान में मांगीबाई को 12 और हरलाल को 7 वोट मिले। इस तरह भाजपा की मांगीबाई को प्रधान निर्वाचित घोषित किया गया। भाजपा के सभी 12 सदस्यों ने उनके पक्ष में मतदान किया।
चित्तौड़गढ़ और भदेसर पंचायत समितियों में भाजपा के प्रधान निर्वाचित होने के बाद भंवर सिंह और मांगीबाई ने अपनी जीत का श्रेय भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल, सांसद सी.पी. जोशी, जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, सभी मंडल अध्यक्षों तथा भाजपा के सक्रिय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दिया। चित्तौड़गढ़ में बराबरी के सियासी समीकरण के बीच शंकरी भील का एक वोट निर्णायक रहा, जबकि भदेसर में पूर्ण बहुमत के दम पर भाजपा ने प्रधान पद हासिल किया। इस तरह दोनों पंचायत समितियों में पार्टी ने अपना नेतृत्व स्थापित किया।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
