चित्तौड़गढ़ में जिले के प्रभारी सचिव एवं प्रमुख शासन सचिव, पशुपालन विभाग विकास सीताराम भाले की अध्यक्षता में शनिवार को जिला परिषद के ग्रामीण विकास सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर, राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, बजट घोषणाओं तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी सचिव विकास सीताराम भाले ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी, समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सेवा शिविरों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनाएं।

प्रभारी सचिव ने ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण का अधिकतम मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने राजस्व प्रकरणों, आवासीय एवं कृषि भूमि के पट्टों के वितरण, नामांतरण, सीमांकन, स्वामित्व कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, चिकित्सा, शिक्षा, कृषि, पशुपालन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की विभागवार समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने जिले में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा शिविरों एवं बजट घोषणाओं की विभागवार प्रगति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर रहा है तथा सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद विनय पाठक ने ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, महात्मा गांधी नरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, जल संरक्षण एवं ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव, उपवन संरक्षक राहुल झांझड़िया, अतिरिक्त जिला कलक्टर रामचंद्र खटीक, यूआईटी सचिव एवं नगर परिषद प्रशासक कैलाश गुर्जर, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र यादव, तहसीलदार विपिन चौधरी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा बैठक में सेवा शिविरों के प्रभावी संचालन, योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन तथा विभागीय समन्वय को राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story