चित्तौड़गढ़ की वीरगाथाओं से सजी ऐतिहासिक धरती एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर गौरव का केंद्र बनने जा रही है। जिले के प्रवास पर आए राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर ने न केवल जिले के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण क्षण जोड़ा, बल्कि चित्तौड़गढ़ को देशभर के खेल मानचित्र पर सशक्त रूप से स्थापित भी किया।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि चित्तौड़गढ़ जैसे ऐतिहासिक जिले को पहली बार राष्ट्रीय स्तर की विद्यालयी खेल प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों और आयोजन समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह प्रतियोगिता पूरी गरिमा और अनुशासन के साथ सफलतापूर्वक संपन्न होगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस आयोजन के माध्यम से देशभर से आने वाले खिलाड़ी चित्तौड़गढ़ की संस्कृति, खेल भावना और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश लेकर लौटेंगे।

इस अवसर पर सांसद चन्द्रप्रकाश जोशी, विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा, जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र कुमार शर्मा, जिला बाल संरक्षण ईकाई के सहायक निदेशक ओमप्रकाश तोषनीवाल, हर्षवर्धन सिंह रूद, सागर सोनी, अनिल शिशोदिया तथा आयोजन समिति के बंसीलाल पंचोली और सुनील कुमार सेठिया सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने इस राष्ट्रीय आयोजन को जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए इसकी सफलता के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।

उल्लेखनीय है कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 5 से 10 जनवरी तक राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पारोली के तत्वावधान में किया जाएगा। प्रतियोगिता में देश के 28 राज्यों, 8 केंद्र शासित प्रदेशों और 7 विभिन्न बोर्डों की कुल 86 विद्यालयी टीमें भाग लेंगी। इस दौरान लगभग 1800 खिलाड़ी और अधिकारी प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगे।

यह आयोजन न केवल उभरती खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा, बल्कि चित्तौड़गढ़ जिले के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय भी जोड़ेगा। राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित आयोजन से जिले की पहचान खेल, अनुशासन और संगठन क्षमता के रूप में और अधिक सुदृढ़ होगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story