चित्तौड़गढ़। राजस्थान के ऐतिहासिक शहर चित्तौड़गढ़ की सड़कों पर अपराधियों के भीतर कानून का डर बैठाने के लिए पुलिस ने एक सख्त संदेश दिया है। दो दिन पूर्व राजीव गांधी पार्क के समीप महज 200 रुपये की रंगदारी के लिए एक गरीब रेहड़ी वाले के साथ मारपीट और तोड़फोड़ करने वाले बदमाशों को पुलिस ने न केवल गिरफ्तार किया, बल्कि वारदात स्थल पर ही उनका जुलूस निकालकर उनकी आपराधिक हेकड़ी को चकनाचूर कर दिया। पुलिस की इस 'परेड' का मुख्य उद्देश्य आमजन के मन से अपराधियों का खौफ खत्म करना और कानून के इकबाल को बुलंद करना था।

घटना की शुरुआत तब हुई जब राजीव गांधी पार्क के पास 'चेतक पानी-पुड़ी' का ठेला लगाने वाले पीड़ित शंकरलाल डांगी ने थाने में आपबीती सुनाई। शंकरलाल ने रिपोर्ट में बताया कि मोहन, धनराज, उदयराम गुर्जर, नेनू, राहुल जायसवाल और उनके 7-8 अन्य साथी लंबे समय से उसे धमका रहे थे और लगातार अवैध वसूली कर रहे थे। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर कई बार उससे 200-200 रुपये वसूले। मंगलवार की रात इन आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए शंकरलाल के ठेले पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने सरेआम ठेले में तोड़फोड़ की और सारा सामान सड़क पर बिखेर दिया, जिससे पीड़ित को भारी नुकसान हुआ। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप अधीक्षक बृजेश सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित के बयानों के आधार पर आरोपियों को नामजद किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में उदयलाल पुत्र नारायण गुर्जर (30 वर्ष), दिनेश पुत्र किशनलाल गमेती (26 वर्ष), ईश्वर पुत्र दीपक जायसवाल (25 वर्ष) और घनश्याम पुत्र कैलाश गिरी गोस्वामी (24 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी उदयलाल गुर्जर को वारदात के कुछ समय बाद ही पकड़ लिया था, जबकि अन्य की तलाश जारी थी।

वर्तमान में पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से सघन पूछताछ कर रही है ताकि वारदात में प्रयुक्त हथियारों को बरामद किया जा सके। इस मामले में मोहन गुर्जर सहित अन्य 7-8 फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें जगह-जगह दबिश दे रही हैं। अपराधियों का उसी चौराहे पर जुलूस निकाला जाना, जहां उन्होंने तांडव मचाया था, शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस की इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि शहर की शांति व्यवस्था को भंग करने वाले और गरीबों को डराने-धमकाने वाले तत्वों के खिलाफ प्रशासन का रुख बेहद सख्त है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story