निंबाहेड़ा। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के अंतर्गत कनेरा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में अवैध अफीम डोडा चूरा से भरी बोलेरो पिकअप जब्त की है। घाटारानी क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पुलिस की सतर्कता को देख तस्कर वाहन छोड़कर अंधेरे और घने जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गया। पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 12 क्विंटल 73 किलो 830 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस महानिरीक्षक, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के मार्गदर्शन तथा डीएसपी निंबाहेड़ा बद्रीलाल के निकट पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई अंजाम दी गई। थानाधिकारी महेंद्र सिंह के निर्देशन में उप निरीक्षक अमृतलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम घाटारानी पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान अठाणा (मध्य प्रदेश) की ओर से आ रही एक बोलेरो पिकअप के चालक ने पुलिस जाब्ते को देख नाकाबंदी पॉइंट से 50 मीटर पहले ही वाहन सड़क पर छोड़ दिया। आरोपी चालक अंधेरे और घने जंगल में भागने में सफल रहा, हालांकि पुलिस टीम ने उसका पीछा कर तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

पुलिस द्वारा मौके पर छोड़ी गई बोलेरो पिकअप के तिरपाल को हटाकर तलाशी ली गई, जिसमें काले व पीले रंग के प्लास्टिक के कुल 59 कट्टों में अवैध अफीम डोडा चूरा भरा पाया गया। वजन करने पर इसकी कुल मात्रा 12 क्विंटल 73 किलो 830 ग्राम निकली। पुलिस ने डोडा चूरा और बोलेरो पिकअप को जब्त कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उप निरीक्षक अमृतलाल, सहायक उप निरीक्षक बालमुकुंद तथा कांस्टेबल रेवताराम, रामनिवास, सुनील, सूरज सिंह और दिलीप सिंह शामिल रहे। जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story