चित्तौड़गढ़: ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत मादक पदार्थ तस्कर की 50 लाख की संपत्ति कुर्क
चित्तौड़गढ़ के पारसोली थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत तस्कर की जमीन, मकान और वाहनों को फ्रीज किया।

पारसोली थाना पुलिस टीम के साथ मादक पदार्थ तस्कर (बाएं से चौथे) की जब्त संपत्ति के बाहर खड़े अधिकारी और कर्मचारी।
बस्सी। अवैध मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत थाना पारसोली पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(2) के अंतर्गत एक सख्त और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस अभियान के तहत पुलिस ने एक मादक पदार्थ तस्कर द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई करीब 50 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति को फ्रीज कर दिया है। भारत सरकार के सक्षम प्राधिकारी द्वारा स्थायी अनुमोदन मिलने के बाद तस्कर की भूमि, आवासीय भवन और दो वाहनों को कुर्क किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस महानिरीक्षक, उदयपुर रेंज, गौरव श्रीवास्तव के आदेशानुसार अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ और तस्करों के खिलाफ कठोर कार्यवाही हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी भगवत सिंह हिंगड़ के निर्देशन और डीएसपी बेगूं अंजली सिंह के सुपरविजन में पुलिस ने थाना पारसोली निवासी कमलेश, पिता भैरूलाल गुर्जर (29) के विरुद्ध यह प्रभावी कदम उठाया है। आरोपी कमलेश गुर्जर के खिलाफ थाना नगाणा, जिला बाड़मेर और थाना पारसोली में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज थे।
जांच में सामने आया कि कमलेश गुर्जर ने तस्करी के माध्यम से अवैध संपत्ति अर्जित की थी। पुलिस ने इस संपत्ति को फ्रीज करने हेतु ‘COMPETENT AUTHORITY ADMINISTRATOR SAFEM (FOP)A NDPS ACT DELHI’ को प्रस्ताव प्रेषित किया था। उक्त प्राधिकारी द्वारा गहन सुनवाई के उपरांत, आरोपी की भूमि (पटवार हल्का ईटावा, खाता संख्या 78, खसरा संख्या 438, 440, 441, 442, 443, रकबा 4.6370 में से 125/4637 हेक्टेयर हिस्सा), ग्राम पंचायत ईटावा के गांव लुहारिया में भैरूलाल पिता नन्दा जी गुर्जर के नाम पर दर्ज आवासीय भवन (पट्टा बुक संख्या 447, पट्टा संख्या 50) तथा कमलेश गुर्जर के नाम पर पंजीकृत स्कॉर्पियो-एन और रेनॉल्ट क्विड कार को फ्रीज करने का स्थायी अनुमोदन आदेश पारित किया गया। उक्त चल-अचल संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब पचास लाख रुपये है। इस कार्यवाही में थानाधिकारी ठाकराराम, एएसआई देवी लाल, गोविन्द सिंह और कांस्टेबल प्रकाश, गिरधारी लाल, राजेन्द्र, दिनेश व महिला कांस्टेबल ललिता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी होने पर तत्काल निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचित करें। यह कार्यवाही तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने और उनके आर्थिक आधार को नष्ट करने की दिशा में एक कड़ा संदेश है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
