चित्तौड़गढ़ जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 833 किलो 540 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा, तीन लग्जरी गाड़ियां और एक अवैध पिस्टल, मैगजीन तथा छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के 10 अन्य सहयोगियों को भी नामजद किया है, जिनकी तलाश जारी है।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद तुर्किया कलां के कच्चे रास्ते पर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान खेतों की ओर से एक साथ तीन लग्जरी गाड़ियां आती दिखाई दीं। पुलिस की सरकारी गाड़ी सामने देखकर सबसे आगे चल रही सफेद रंग की ब्रेजा कार के चालक ने वाहन को वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन कार अनियंत्रित होकर रास्ते के किनारे पड़े लकड़ी के कट्ठों से टकराकर रुक गई।

ब्रेजा कार के पीछे काले रंग की स्कॉर्पियो और उसके पीछे सफेद रंग की इनोवा कार चल रही थी। तीनों वाहन रुकते ही उनके चालक और सवार वाहन छोड़कर खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और ब्रेजा कार की चालक सीट पर बैठे व्यक्ति तथा स्कॉर्पियो से उतरकर भाग रहे चालक को मौके पर ही पकड़ लिया।

सुरक्षा की दृष्टि से एएसआई गोपाल लाल को ब्रेजा चालक के पास तथा एएसआई सुभाष चन्द्र को स्कॉर्पियो चालक के पास तैनात कर उन्हें यथास्थिति में रहने के निर्देश दिए गए। इस दौरान ब्रेजा कार की आगे वाली सीट पर बैठा व्यक्ति, स्कॉर्पियो की आगे वाली सीट पर बैठा व्यक्ति तथा इनोवा कार का चालक और उसमें सवार अन्य लोग खेतों की ओर भाग निकले। रात का समय होने और खेतों में घनी झाड़ियों का फायदा उठाकर वे अंधेरे में फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों और तीनों वाहनों की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में मादक पदार्थ और हथियार बरामद किए। तस्करी में प्रयुक्त ब्रेजा, स्कॉर्पियो और इनोवा तीनों लग्जरी वाहनों को जब्त कर लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रहलाद पुरी पिता हंसराज उर्फ हांसु पुरी गोस्वामी, निवासी केसर खैड़ी, थाना कपासन तथा रमेश पिता गिरधारी लाल विश्नोई, निवासी जाजीवाल बिश्नोईयान, थाना बनाड, जिला जोधपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

मामले की निष्पक्ष और गहन जांच भदेसर थानाधिकारी विनोद मेनारिया को सौंपी गई है। पुलिस अब गिरोह के फरार 10 अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने में राशमी थानाधिकारी रतन सिंह, एएसआई सुभाष चन्द्र, एएसआई गोपाल लाल, कांस्टेबल रमेश, अनिल, सजन सिंह, सुमित, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, अमित, अजय, मनोज, प्रितम, शिशराम, रतन सिंह और बलराम की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही। मामले में फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story