नशे के सौदागरों के विरुद्ध चित्तौड़गढ़ पुलिस का प्रहार निरंतर जारी है। 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए भूपालसागर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल पर कोरियर बैग की आड़ में अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे 18 किलो 500 ग्राम डोडाचूरा को जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। 22 मार्च 2026 को हुई इस प्रभावी कार्रवाई ने मादक पदार्थों की तस्करी के नए और शातिराना तरीकों को बेनकाब कर दिया है।

जिला पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी ने घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज, श्री गौरव श्रीवास्तव के निर्देशों पर जिले में मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध विशेष अभियान 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी कपासन हरजीलाल यादव के सुपरविजन में थानाधिकारी भूपालसागर घेवरचन्द (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में कांस्टेबल ओमप्रकाश, दुर्गेश, पीराराम, पुरखाराम, सुरेश और अक्षय को शामिल किया गया था।

पुलिस टीम द्वारा बालदीयो का खेड़ा पारी पहुँचकर सघन नाकाबंदी की गई। इसी दौरान पारी की ओर से आने वाले कच्चे रास्ते पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही चालक ने भागने का प्रयास किया, जिस पर थानाधिकारी के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया। नियमानुसार ली गई तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर रखे एक कोरियर बैग के भीतर छिपाया गया काले रंग का प्लास्टिक का कट्टा बरामद हुआ। कट्टे की जाँच करने पर उसमें 18 किलो 500 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा पाया गया।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अवैध मादक पदार्थ को जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय किशन पुत्र गणेश गुर्जर, निवासी पनोतीया, थाना कुंवारिया, जिला राजसमंद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है और तस्करी के इस नेटवर्क की गहराई तक पहुँचने के लिए गहन अनुसंधान जारी है। जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर साझा कर अपराध मुक्त समाज बनाने में सहयोग करें।

Arvind Garg, Bhupalsagar

Arvind Garg, Bhupalsagar

नाम: अरविंद गर्ग

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: उपखण्ड भूपालसागर, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम (अपराध) व राजनीति

अनुभव: 13 साल

परिचय

अरविंद गर्ग चित्तौड़गढ़ जिले के भूपालसागर उपखंड क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से जमीनी स्तर की खोजी और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं। अरविंद गर्ग अपने उपखंड और उसके आसपास के क्षेत्रों में क्राइम, राजनीति, सामाजिक-आर्थिक मुद्दों, स्थानीय विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर निष्पक्ष रिपोर्टिंग करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

स्नातक (Graduate)

Next Story