चित्तौड़गढ़: कार में गुप्त केबिन बनाकर तस्करी कर रहे 10 किलो अफीम जब्त, 2 गिरफ्तार
सदर चित्तौड़गढ़ पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत नाकाबंदी के दौरान आई-20 कार से 9.999 किलो अफीम बरामद कर मंदसौर के दो आरोपियों को पकड़ा।

चित्तौड़गढ़ के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम द्वारा जब्त की गई अफीम की थैलियों और तस्करी में प्रयुक्त कार के साथ तैनात पुलिसकर्मी।
चित्तौड़गढ़ में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आई-20 कार में बनाई गई विशेष स्कीम में छिपाकर ले जाई जा रही 09 किलो 999 ग्राम अफीम बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सदर चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत यह कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मादक पदार्थों के भंडारण एवं परिवहनकर्ताओं के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन तथा डीएसपी ब्रजेश सिंह और थानाधिकारी प्रेम सिंह के निकट सुपरविजन में एसआई अमृत लाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
बुधवार को हाईवे रोड पर नाकाबंदी के दौरान उदयपुर की ओर से आई-20 कार में सवार दो व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। इस पर पुलिस जाप्ते ने आड़े बैरीयर लगाकर कार को रोका। चालक और उसके साथी की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर कार की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार के अंदर बनाई गई विशेष स्कीम में छिपाकर रखी गई 9 प्लास्टिक की थैलियों में कुल 09 किलो 999 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम और परिवहन में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया। मौके पर चालक नरेन्द्र कुमार पिता बालुराम पवॉंर बावरी तथा उसके साथ बैठे साथी राजु पिता देवीलाल पोरवाल निवासी मंदसौर (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया गया।
जब्त की गई अवैध अफीम की खरीद-फरोख्त के संबंध में आरोपियों से पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह, कांस्टेबल डूंगर सिंह, भजन लाल, दीपक कुमार, पृथ्वीपाल सिंह, विजय और कुलदीप का विशेष सहयोग रहा।
यह कार्रवाई क्षेत्र में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर पुलिस की सख्त निगरानी और प्रभावी कार्रवाई का संकेत देती है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
