चित्तौड़गढ़ में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एमडीएमए पाउडर और अवैध गांजा बरामद किया है तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत मंगलवाड़ और निकुम्भ थाना पुलिस ने यह संयुक्त कार्रवाई की। मंगलवाड़ थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें से 2.50 ग्राम अवैध एमडीएमए पाउडर बरामद किया गया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पवन, पिता डालचंद अहीर, निवासी रावतपुरा थाना मंगलवाड़ को गिरफ्तार किया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त बेलेनो कार को भी जब्त कर लिया गया, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई पाई गई।

वहीं दूसरी कार्रवाई में निकुम्भ थाना पुलिस ने डीएसटी टीम की सूचना पर कस्बा निकुम्भ की नई आबादी क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी हीरालाल, पिता मोहनलाल मेनारिया, निवासी निकुम्भ के कब्जे से 1 किलो 45 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई एएसपी मुकुल शर्मा और डीएसपी बड़ीसादड़ी देशराज कुलदीप के सुपरविजन में की गई, जबकि पूरी कार्यवाही पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में संपन्न हुई। इन कार्रवाइयों से क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story