चित्तौड़गढ़: नेशनल हाईवे पर होटल से 1600 लीटर अवैध स्प्रिट बरामद
आबकारी विभाग ने नेशनल हाईवे 48 पर कार्रवाई कर 8 ड्रम स्प्रिट जब्त की, आरोपी प्रकाश चंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू।

चित्तौड़गढ़ में नेशनल हाईवे 48 पर होटल देवनारायण के पास आबकारी विभाग की टीम जब्त की गई 1600 लीटर स्प्रिट के साथ, कार्रवाई में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जाप्ता शामिल।
अवैध शराब निर्माण और तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे निर्णायक अभियान के अंतर्गत चित्तौड़गढ़ आबकारी दल ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए नेशनल हाईवे पर स्थित एक होटल से भारी मात्रा में स्प्रिट जब्त की है। आबकारी आयुक्त उदयपुर के आह्वान पर संचालित इस विशेष अभियान की कड़ी में अतिरिक्त आबकारी आयुक्त उदयपुर जोन प्रदीप सिंह सांगावत के स्पष्ट निर्देशानुसार चित्तौड़गढ़ जिला आबकारी अधिकारी गजेंद्र सिंह राजपुरोहित एवं सहायक आबकारी अधिकारी आबकारी निरोधक दल जगदीश विश्नोई के निकट सुपरविजन में इस सुनियोजित छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
मुखबिर से प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर गुरुवार मध्य रात्रि को विभाग की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 पर स्थित होटल देवनारायण के समीप राति मंगरी क्षेत्र में बनी दुकानों की सघन तलाशी ली। इस कार्यवाही के दौरान अभियुक्त प्रकाश चंद्र के आधिपत्य वाली दुकान से 8 प्लास्टिक के ड्रम बरामद किए गए। प्रत्येक ड्रम में 200 लीटर स्प्रिट भरी हुई थी, जिसे मिलाकर कुल 1600 लीटर अवैध स्प्रिट जब्त की गई। विभाग ने तत्काल कार्यवाही करते हुए अभियुक्त प्रकाश के विरुद्ध राजस्थान आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया है।
इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में आबकारी निरीक्षक वृत बेगु मदनलाल गुर्जर, वृत चित्तौड़गढ़ अब्दुल जावेद, वृत कपासन नंद किशोर, प्रहराधिकारी आबकारी थाना निंबाहेड़ा हेमराज जाट, आबकारी थाना डूंगला मन बाग सिंह सहित चित्तौड़गढ़ के समस्त ईपीएफ जाप्ते की सराहनीय भूमिका रही। विभाग की इस त्वरित और संगठित कार्यवाही ने क्षेत्र में अवैध शराब माफियाओं के हौसले पस्त कर दिए हैं और यह स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी प्रकार की अवैध आबकारी गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
