चित्तौड़गढ़: बस की डिक्की से 2 क्विंटल से अधिक अवैध गीला चंदन बरामद
कोतवाली पुलिस ने कपासन चौराहे पर नाकाबंदी के दौरान निजी बस से 233 किलो चंदन जब्त किया, संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

चित्तौड़गढ़ के कपासन चौराहे पर कोतवाली पुलिस ने निजी ट्रेवल्स की बस से 2 क्विंटल 33 किलो अवैध गीला चंदन जब्त कर जांच शुरू की।
चित्तौड़गढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र के कपासन चौराहे पर पुलिस ने निंबाहेड़ा से पिलानी जा रही निजी ट्रावेल्स बस की डिक्की से भारी मात्रा में गीली चंदन की लकड़ी बरामद की है।
बरामदगी और वजन का विवरण
- यह लकड़ी 6 कट्टों में भरी हुई थी।
- तौल करने पर इसका कुल वजन 2 क्विंटल 33 किलो निकला।
- प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह चंदन जयपुर भेजा जा रहा था।
पुलिस कार्रवाई और तलाशी
थानाधिकारी तुलसीराम प्रजापत ने बताया कि पुलिस ने नियमित नाकाबंदी के दौरान बस को हाथ का इशारा कर रुकवाया। बस में ड्राइवर और कंडक्टर के अलावा जयपुर, सीकर और पिलानी जाने वाली सवारियां बैठी हुई थीं। पुलिस ने ड्राइवर और कंडक्टर को नीचे उतारकर बस की पीछे वाली डिक्की की तलाशी ली। डिक्की खोलते ही प्लास्टिक के कट्टों में भरी गीली चंदन की लकड़ी मिली। इसके बाद पूरी बस की जांच की गई, लेकिन अन्य कोई अवैध वस्तु नहीं पाई गई।
ड्राइवर, कंडक्टर और संचालक की भूमिका
पूछताछ में बस ड्राइवर और कंडक्टर ने अपनी पहचान इस प्रकार बताई:
- ड्राइवर: सुरेंद्र पुत्र लिखमाराम गढ़वाल (निवासी कासनी, थाना सूरजगढ़, जिला झुंझुनूं)।
- कंडक्टर: विक्रम सिंह पुत्र शेर सिंह जाट (निवासी ब्राह्मणों की ढाणी, थाना चिड़ावा, जिला झुंझुनूं)।
दोनों ने बताया कि "ये कट्टे चित्तौड़गढ़ स्थित बरखा ट्रावेल्स ऑफिस से संचालक अशोक कुमार सिंधी द्वारा रखवाए गए थे।" एक कागज पर पार्सल जयपुर के नाम से लिखा हुआ था और नंबर भी लिखा हुआ था, लेकिन जब पुलिस ने चंदन के परिवहन से संबंधित लाइसेंस या बिल-बिल्टी ड्राइवर से मांगी तो कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किया गया।
कानूनी कार्यवाही और अपराध
पुलिस के अनुसार बिना अनुमति जंगल से चंदन की लकड़ी काटकर उसका परिवहन करना गंभीर अपराध है। इस मामले में वन अधिनियम की धारा 41-42 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
जांच का अगला चरण
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चंदन की लकड़ी कहां से लाई गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। जांच जारी है और आगे की कार्रवाई तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
