चित्तौड़गढ़ में 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' की बड़ी कामयाबी: कार से 43 किलो डोडा चूरा जब्त, दो गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़ में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस ने तस्करों का पीछा कर एक कार से 43 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। टायर पंचर होने के बाद भी भागने की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोचा। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर थाना क्षेत्र में 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत पुलिस ने अवैध डोडा चूरा ले जा रही कार को जब्त किया और दो आरोपियों को हिरासत में लिया।
चित्तौड़गढ़ जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ छेड़े गए 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत भदेसर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के बड़े मंसूबों को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने सोड़ावास-आवरी माता मार्ग पर घेराबंदी कर एक आई-20 कार से 43 किलो 280 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। तस्करी में संलिप्त कार को जब्त करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
घटना के विवरण के अनुसार, पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में स्थानीय पुलिस सोड़ावास-आवरी माता मार्ग पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान झाड़ोली की ओर से एक कार को कच्चे रास्ते से आते हुए देखा गया। पुलिस को देख चालक ने गाड़ी की गति बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस दल ने पीछा किया, जिस पर कांस्टेबल सुरेंद्रपाल ने तत्परता दिखाते हुए स्टॉप स्टिक का उपयोग कर कार का टायर पंचर कर दिया। टायर पंचर होने के बावजूद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और कुछ दूरी पर कार छोड़कर भागने लगे। पुलिस जाब्ता ने पीछा कर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
कार की गहन तलाशी लेने पर पुलिस को भीतर तीन कट्टों में छिपाकर रखा गया 43 किलो 280 ग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। अवैध मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान धामनिया निवासी अमीन खान और खैरखेड़ा लासूर (थाना जावद) निवासी अर्जुन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत भदेसर थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया है और अब इस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लिंक की गहन जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई मादक पदार्थों के तस्करों के विरुद्ध पुलिस की कड़ी निगरानी और सक्रियता का प्रमाण है। इस सफल ऑपरेशन ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय तस्करों में हड़कंप मचा दिया है और पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नशीले पदार्थों के खिलाफ यह मुहिम इसी आक्रामकता के साथ जारी रहेगी।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
