चित्तौड़गढ़ में पुलिस और आमजन के बीच संवाद तथा समन्वय को मजबूत बनाने की दिशा में क्षेत्रवार जन सहभागिता बैठकों की शुरुआत शास्त्रीनगर क्षेत्र से की गई। पुलिस उपअधीक्षक बृजेश सिंह एवं शहर कोतवाल रजनीश कुमार के सानिध्य में शास्त्रीनगर सामुदायिक भवन में आयोजित बैठक में क्षेत्रवासियों ने अधिकारियों का उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया और पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनता और पुलिस के बीच संवाद एवं समन्वय बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

बैठक के दौरान पुलिस उपअधीक्षक बृजेश सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल अपने बीट अधिकारी को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस सेवाओं का प्रभावी ढंग से उपयोग किया जाए, ताकि समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

उन्होंने महिलाओं को सुरक्षा संबंधी उपायों के प्रति जागरूक करते हुए अपने पर्स में सुरक्षा के लिए पेपर स्प्रे रखने की आवश्यकता बताई, ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति में वे अपना बचाव कर सकें। इसके साथ ही उन्होंने साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं पर प्रकाश डालते हुए अनजान कॉल्स पर किसी भी प्रकार की जरूरी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 नंबर पर डायल कर आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया।

बृजेश सिंह ने घर से कुछ दिनों के लिए बाहर जाने की स्थिति में चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियों और जागरूकता संबंधी बिंदुओं की भी जानकारी दी। वहीं, शहर कोतवाल रजनीश कुमार ने एक नागरिक के कानून की रक्षा के प्रति दायित्वों पर विस्तृत चर्चा करते हुए लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया।

बैठक में सुधीर जैन, ऊषा रांदड, राजकुमार जैन, मुकेश मूंदड़ा, नटवर जागेटिया, मधुसूदन रांदड, महेश कुमार, रामनरेश डाड, धर्मेंद्र सोमानी, प्रवीण गट्टानी सहित अन्य क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। क्षेत्रवार जन सहभागिता बैठकों की इस शुरुआत को पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय तथा सुरक्षा संबंधी जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story