नवरात्रि में महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस का डिकॉय ऑपरेशन, निम्बाहेड़ा में तीन युवक डिटेन
नवरात्रि में महिलाओं की सुरक्षा के लिए कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने सादे कपड़ों में डिकॉय ऑपरेशन चलाकर तीन युवकों को डिटेन किया।

चित्तौड़गढ़ में नवरात्रि गरबा महोत्सव के दौरान महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैनात कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और पुलिसकर्मी।
नवरात्रि पर्व के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और गरबा आयोजनों में सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए चित्तौड़गढ़ जिला पुलिस ने ऑपरेशन शक्ति सुरक्षा अभियान के तहत निगरानी बढ़ा दी है। इसी क्रम में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों ने सादे वस्त्रों में निम्बाहेड़ा और बेगूं में डिकॉय ऑपरेशन चलाकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान निम्बाहेड़ा में तीन युवकों को डिटेन किया गया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने मंगलवार शाम चित्तौड़गढ़ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने भोईखेड़ा, नाडोलिया, गांधीनगर और चांमटीखेड़ा सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और क्यूआरटी टीम भी उनके साथ मौजूद रही। गरबा समितियों की ओर से कालिका पेट्रोलिंग यूनिट का स्वागत भी किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और एएचटीयू प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुनीता गुर्जर के नेतृत्व में बुधवार शाम निम्बाहेड़ा और बेगूं में विशेष डिकॉय ऑपरेशन चलाया गया। इसका उद्देश्य नवरात्रि के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना था।
निम्बाहेड़ा कस्बे में बुधवार शाम पांच प्रमुख स्थानों पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों ने सादे वस्त्रों में तैनात रहकर निगरानी की। इनमें अम्बामाता मंदिर प्रांगण, विवेकानन्द सर्कल एवं कल्याण चौक, नेहरू पार्क-मंडी चौराहा-बस स्टैंड, जावद दरवाजा-पीपल चौक-मोती बावजी रोड तथा कैंची चौराहा-माल गोदाम रोड शामिल रहे। इस दौरान पुलिस ने आसिफ निवासी वीररिया खेड़ी, सोहेल निवासी ऊंचा और पंकज पाटीदार निवासी कारुंडा को डिटेन किया।
डिकॉय ऑपरेशन में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की एएसआई श्यामा, कांस्टेबल रेखा, रेणुका, दुर्गा, कृष्णा, लीला, मीरा जायसवाल, रीना, आकांक्षा, गायत्री, स्नेहलता, माधुरी और बीना तैनात रहीं।
बेगूं कस्बे में भी बुधवार शाम ऑपरेशन शक्ति सुरक्षा अभियान के तहत सब इंस्पेक्टर चंद्रा कंवर के नेतृत्व में डिकॉय ऑपरेशन चलाया गया। यहां लालबाई-फूलबाई चौक गरबा स्थल, जूनी बेगूं गरबा स्थल और नया बस स्टैंड क्षेत्र में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों ने सादे वस्त्रों में तैनात रहकर महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी रखी। इस कार्रवाई में दुर्गा, ललिता, किरण, दिव्या सिंह, प्रियंका और पुष्पा ने डिकॉय ड्यूटी निभाई।
जिला पुलिस की ओर से ऑपरेशन शक्ति सुरक्षा अभियान के तहत गरबा पांडालों और उनके आसपास के क्षेत्रों में प्रतिदिन गश्त एवं निरीक्षण किया जा रहा है। इसके साथ ही गरबा महोत्सव में आने वाली महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा साइबर अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है।
पुलिसकर्मियों द्वारा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, महिला गरिमा हेल्पलाइन नंबर 1090, राजकाप सिटीजन एप और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं एवं बालिकाएं संबंधित सहायता प्राप्त कर सकें।
डिकॉय ऑपरेशन का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और गरबा आयोजनों के आसपास महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को परखना तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति अनुचित व्यवहार करने वाले असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखना है। जिला पुलिस नवरात्रि पर्व के दौरान नियमित गश्त, विशेष निगरानी और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के प्रयास कर रही है।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
