चित्तौड़गढ़ पुलिस का 'ऑपरेशन शक्ति सुरक्षा', 15 मनचले गिरफ्तार
11 से 19 अक्टूबर तक चले अभियान में 11 हजार महिलाओं को कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई और कालिका पेट्रोलिंग टीम को सम्मानित किया गया।

चित्तौड़गढ़ में ऑपरेशन शक्ति सुरक्षा के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली कालिका पेट्रोलिंग टीम को सम्मानित करते एसपी।
चित्तौड़गढ़ में महिला सुरक्षा के लिए चलाए गए ऑपरेशन शक्ति सुरक्षा अभियान के दौरान पुलिस ने जागरूकता के साथ सख्त कार्रवाई करते हुए महिलाओं से अभद्रता करने वाले 15 मनचलों के विरुद्ध कार्रवाई की। 11 से 19 अक्टूबर तक चले इस अभियान में 11 हजार महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और नए कानूनों की जानकारी दी गई, जबकि एक हजार से अधिक महिलाओं के मोबाइल में राजकॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड करवाया गया। अभियान में प्रभावी कार्रवाई और उत्कृष्ट कार्य के लिए कालिका पेट्रोलिंग टीम को सम्मानित किया गया।
अभियान के दौरान कालिका पेट्रोलिंग टीम ने डिकॉय ऑपरेशन के माध्यम से महिलाओं से अभद्रता करने वाले मनचलों के विरुद्ध कार्रवाई की। पुलिस ने महिलाओं को सुरक्षा के उपायों के प्रति जागरूक करने के साथ महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन हेल्पलाइन 112 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी। इसके अलावा साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों के बारे में भी जागरूक किया गया।
अभियान में उत्कृष्ट कार्य और प्रभावी परिणामों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने कालिका पेट्रोलिंग टीम के पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स खुशी साहू, अमीषा चौहान, हर्षित प्रजापत एवं पूर्वा साहू को भी सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
कालिका टीम प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुनीता गुर्जर, महिला थाना अधिकारी रेणु खोईवाल एवं एसआई चंद्रा कंवर को एक-एक हजार रुपये के रिवॉर्ड रोल प्रदान किए गए। वहीं, सोशल मीडिया सेल प्रभारी एएसआई सत्यनारायण को दो हजार रुपये का रिवॉर्ड रोल दिया गया। कालिका पेट्रोलिंग टीम की सभी महिला पुलिसकर्मियों को प्रत्येक को 500 रुपये का रिवॉर्ड रोल और प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने सभी के प्रयासों की सराहना करते हुए महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने, महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने, साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी देने और महिलाओं में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने के लिए इसी तरह समर्पित भाव से कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया। ऑपरेशन शक्ति सुरक्षा के तहत जागरूकता गतिविधियों, डिकॉय ऑपरेशन और मनचलों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ पुलिस ने महिला सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
